नारनौल। रेवाड़ी के समीप गांव माजरा में निर्माणाधीन एम्स के लिए वर्ष 2026-27 सत्र में 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। यह जानकारी वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज सेकवाल ने दी। उन्होंने बताया कि मंत्रालय के अंडर सेक्रेटरी की ओर से जारी पत्र के माध्यम से यह स्वीकृति प्रदान की गई है।
सेकवाल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से यह संभव हो पाया है। उन्होंने बताया कि एम्स का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और निर्धारित समय के अनुसार 2026-27 में ओपीडी सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है।
इस फैसले से क्षेत्र के युवाओं को उच्च स्तर की मेडिकल शिक्षा का अवसर मिलेगा। वहीं आमजन को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही विश्वस्तरीय चिकित्सा उपलब्ध हो सकेगी। संवाद