नारनौल। गांव मौखुता से 5 वाॅलीबॉल खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ प्रतियोगिता में हुआ है। गांव मौखुता में वाॅलीबॉल के प्रशिक्षण के लिए निजी खेल नर्सरी संचालित है।
खेल नर्सरी में वाॅलीबॉल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 8 खिलाड़ियों ने जिलास्तरीय ट्रायल में भाग लिया था। इसमें से 5 खिलाड़ियों का चयन जिले की वालीबॉल टीम में किया गया है। वाॅलीबॉल टीम राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में भाग लेने के लिए 10 जुलाई को पलवल के लिए रवाना होगी। चयनित खिलाड़ी खेल महाकुंभ में भाग लेने को लेकर उत्साहित है, साथ ही बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र व जिले का नाम रोशन करना चाहते हैं।
कोच धर्मपाल सिंह ने बताया कि मौखुता में गत वर्षों से वाॅलीबॉल के प्रशिक्षण के लिए खेल नर्सरी संचालित है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष भी खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया था और उम्मीद है कि खेल महाकुंभ में बेहतर प्रदर्शन कर जिले के लिए पदक जीतेंगे।
-
जिलास्तरीय ट्रायल के दौरान आयोजित प्रतियोगिता का अनुभव शानदार था। खेल महाकुंभ को लेकर उत्साहित हूं। नियमित अभ्यास सत्र में भाग लेकर कमियों को सुधारा है। उम्मीद है प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पाउंगा।
राजशेखर, खिलाड़ी
-
खेल महाकुंभ में जिले का प्रतिनिधित्व करना गौरव की बात है। लक्ष्य है कि बेहतर प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में योगदान दे सकूं। प्रतियोगिता के लिए खेल नर्सरी में नियमित रूप से अभ्यास कर रहा हूं।
प्रशांत, खिलाड़ी
खेल नर्सरी में दोस्तों को अभ्यास करते हुए देखकर मैंने भी वाॅलीबॉल खेलना शुरू किया था। अब खेल महाकुंभ प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम में चयन रोमांचित करने वाला अनुभव है। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर देश के लिए पदक जीतना मेरा लक्ष्य है।
मोहित, खिलाड़ी
-
जिला स्तरीय ट्रायल को लेकर वह नर्वस था, लेकिन कोच के मार्गदर्शन व साथी खिलाड़ियों के प्रोत्साहन से बेहतर प्रदर्शन करने में कामयाब रहा। अब खेल महाकुंभ में टीम एकजुट होकर बेहतर प्रदर्शन करेगी। - करण, खिलाड़ी