फोटो संख्या:57 आईटीआई में हेल्प डेस्क पर आवेदन करते युवा। संवाद
महेंद्रगढ़। शहर स्थित राजकीय औद्योगिक व प्रशिक्षण संस्थान में नए सत्र में केंद्र और राज्य स्तर की ट्रेड और सीटें आवंटित की गई हैं। इसमें एनसीवीटी (नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग) की 23 ट्रेड यूनिट में 496 सीटें जबकि एससीवीटी (स्टेट काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग) की 5 ट्रेड यूनिट में 112 सीटें आवंटित की गई हैं।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया 30 जून तक जारी रहेगी। इस दौरान युवा आवेदन के समय एनसीवीटी या एससीवीटी लेवल का चयन कर सकेंगे। अब संस्थानों में हेल्प डेस्क पर ट्रेडों और सीटों की जानकारी दी जा रही है।
साथ ही युवाओं के ट्रेड में दाखिला लेने पर भविष्य में रोजगार संबंधी उपलब्धियों से भी अवगत कराया जा रहा है। अब संस्थान की तीन टीमें गांव और शहर में घर-घर जाकर युवाओं को आईटीआई की जानकारी दे रही हैं और स्टार्टअप व अन्य रोजगार की संभावनाएं बताकर युवाओं को दाखिला के लिए प्रेरित कर रही हैं।
संस्थान में अब 28 ट्रेड यूनिट हैं और इनमें 608 सीटें आवंटित की गई हैं। युवा संस्थान में आकर आवेदन कर रहे हैं। वीरवार को 13 युवा संस्थान में आए और निशुल्क आवेदन किया।
-
दाखिला के लिए ये दस्तावेज जरूरी
युवाओं को आईटीआई में दाखिला के लिए आवेदन करने के लिए आधार कार्ड, ईमेल, मोबाइल नंबर, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण, जाति प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, नवीनतम फोटो, अतिरिक्त अंक पाने के लिए आवेदक अपना पिता या माताहीन प्रमाण पत्र लगा सकते हैं।
- वर्जन:
संस्थान में एससीवीटी और एनसीवीटी सीटों का आवंटन किया गया है। अब संस्थान में कुल 28 यूनिट की 608 सीटों पर दाखिले होंगे। युवाओं को संस्थान जागरूक कर रहा है और इसके लिए टीमें भी गठित की गई हैं।
-संदीप यादव, इंचार्ज, आईटीआई, महेंद्रगढ़