नारनौल। जिला रेडक्रास समिति के प्रधान एवं उपायुक्त अजय कुमार की अध्यक्षता में 22 सितंबर को सभागार भवन में दिव्यांगजनों को बैटरी चालित तिपहिया साइकिल व सहायक उपकरण वितरित करने के लिए कैंप लगाया जाएगा। अरावली पावर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के सामाजिक सरोकार एवं भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पहले से ही
चिह्नित 453 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण दिए जाएंगे।
जिला रेडक्रास समिति के सचिव बलवान सिंह ने बताया कि संस्था की ओर से तथा अरावली पावर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के सामाजिक सरोकार एवं भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से 27 मार्च व 27 से 29 जुलाई तक दिव्यांगजनों के लिए पंजीकरण कैंप लगाया गया। इन कैंपों में 453 दिव्यांगजनों का बैटरी चालित तिपहिया साइकिल व सहायक उपकरण देने के लिए चिह्नित कर पंजीकरण किया गया था।
इस कैंप में दिव्यांगजनों को अपने साथ आधार कार्ड तथा एलिम्को द्वारा पूर्व में जारी की गई रसीद साथ लेकर आनी होगी। उन्होंने चिह्नित दिव्यांगजनों से आह्वान किया है कि वे कैंप में समय पर पहुंच कर अपनी बैटरी चालित तिपहिया साइकिल व सहायक उपकरण प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि जिन दिव्यांगजनों की पहचान अभी तक नहीं की जा सकी है वे माप-तौल के लिए कैंप में अपनी 2 फोटो, 1 आईडी, दिव्यांग प्रमाण-पत्र तथा पार्षद व सरपंच द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र साथ लेकर आए। जिन लाभार्थियों का इस कैंप में पंजीकरण किया जाएगा उन्हें भविष्य में सहायक उपकरण दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रेडक्रास की ओर से समय-समय पर समाज कल्याण के क्षेत्र में कार्य किए जाते हैं ताकि इस श्रेणी के नागरिकों को मुख्यधारा में लाया जा सके। भविष्य में भी रेडक्रास की तरफ से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे।