नागरिक अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीज।
- फोटो : Narnol
नारनौल। मच्छरों का प्रकोप होने के कारण डेंगू के मरीज मिलने लगे हैं। अब तक डेंगू के दो मरीज मिले हैं जबकि दो दिनों में 43 संदिग्ध मरीज मिले हैं जिनमें डेंगू के लक्षण नजर आए हैं। जुलाई से अब तक डेंगू के 783 संदिग्ध मरीजों के रक्त की स्लाइड तैयार की गई है जिसकी जांच नागरिक अस्पताल में चल रही है। वीरवार को रिपोर्ट आने की संभावना है। इसको गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने बुधवार को मलेरिया तथा डेंगू वर्किंग कमेटी के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सफाई करवाने तथा लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। वहीं लोगों से सप्ताह में एक दिन ड्राइ डे मनाने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी की है।
सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की संख्या कुछ दिनों में तेजी से बढ़ी है। सरकारी अस्पताल की ओपीडी में पहले जहां रोजाना बुखार के 60 से 70 मरीज आ रहे थे, वहीं अब इनकी संख्या 125 से 135 तक पहुंच गई है। इनमें हर आयु वर्ग के मरीज शामिल हैं। बुखार के मरीजों बढ़ने के साथ ही डेंगू के संदिग्ध मरीज भी मिल रहे हैं। जिले में निरीक्षण के दौरान जगह-जगह मच्छरों के लार्वा मिल रहे हैं। अभी तक लार्वा मिलने पर 778 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि इस मौसम में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। कई दिनों तक तेज बुखार रहने और अन्य लक्षण दिखने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। सीएमओ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि डेंगू हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। कोई भी नागरिक 8708292409 पर डायल करके डेंगू के संबंध में जानकारी ले सकता है। उन्होंने बताया कि मरीज प्लेटलेट्स कम होने से न घबराएं बल्कि मलेरिया व डेंगू के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराए। घरों के आसपास गड्ढों को भरवा दें ताकि पानी न भरने पाए। कूलर, हौद, टंकी व पानी से भरे हुए बर्तन सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करें। आसपास कोई नाली है तो उसमें थोड़ा काला तेल डाल दें। शरीर ढक कर रखें। मच्छर रोधी दवा, क्रीम व मच्छरदानी का प्रयोग करें। पूरी बाजू के कपड़े पहने। बताया कि नागरिक अपने स्तर पर दवाई ना लें। बुखार आने पर अस्पताल से दवाई लें। इस बैठक में एसडीएम कनीना सुरेंद्र कुमार, जिला परिषद के सीईओ मनोज कुमार व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अशोक कुमार तथा डॉ. हर्ष कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
-
नगर परिषद के अधिकारी करें जांच : डीसी
उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हर शुक्रवार को अपने स्टाफ के साथ कार्यालय व इसके आसपास सफाई करवाएं। यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी मच्छर न पनपने पाए। उपायुक्त ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे घरों में जाकर निरीक्षण करें। जहां लार्वा पनपता मिले, उन घरों के मालिकों को नोटिस दें। अगर दोबारा से मिलता है तो ऐसे मकान मालिकों के चालान भी काटें। उपायुक्त ने पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम सचिवों के साथ मिलकर ग्रामीणों को मलेरिया व डेंगू के बारे में जागरूक करें तथा उन्हें सफाई के लिए प्रेरित करें। महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दें कि वे आसपास की महिलाओं को इस बारे में जागरूक करें।
-
अब तक बनाई गई 1.25 लाख ब्लड स्लाइड
जिले में अब तक लगभग 1.25 लाख हजार ब्लड की स्लाइड ली गई हैं। 133 टीमें घरों में जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। सीएमओ ने बताया कि वर्ष 2021 में जिले डेंगू के 161 केस आए थे। इस वर्ष अभी तक दो केस आए हैं। मलेरिया के भी अब तक दो केस आए हैं।
-