बदहाल को चुकी जिले की सड़कों की सूरत अब जल्द ही संवरने की उम्मीद है। इसके लिए सरकार से 43 करोड़ 13 लाख रुपये का बजट पास होकर विभाग को मिल गया है। अब पास हुए बजट के जल्द ही टेंडर छोड़े जाएंगे। जिसके बाद सड़कों का निर्माण होगा। इससे जिले के लोगों को टूटी सड़कों से राहत मिलेगी। वहीं अनेक मार्ग चकाचक हो जाएंगे। जिससे जिले का सौंदर्यीकरण भी बढ़ेगा। विभाग ने सड़कों के जल्द निर्माण के लिए रूपरेखा तैयार कर ली है।
जिले से कोटपुतली-महेंद्रगढ़-दादरी नेशनल हाइवे नंबर 142 बी तथा रेवाडी-नारनौल-झुंझनूं नेशनल हाइवे नंबर 11 हाइवे होकर गुजरते हैं। लेकिन पिछले कुछ समय इन नेशनल हाइवे की हालात भी खस्ता हो चुकी थी। जबकि स्टेट हाइवे की हालात भी जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। इसके अलावा विभिन्न गांवों को जोड़ने वाले लिंक मार्ग तो नाम मात्र के रह गए थे। जिससे न केवल राहगीरों अपितु वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इन टूटी सड़कों मार्गों की मरम्मत व निर्माण के लिए लोगों ने विभाग व स्थानीय विधायकों से कई बार गुहार भी लगा चुके थे। परंतु अब जल्द ही जिले की विभिन्न बदहाल सड़क मार्गों की सूरत बदलेगी। इसके लिए करोड़ों रुपये का बजट पास हो चुका है। जल्द ही विभाग इन बदहाल सड़क मार्गों के निर्माण व मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगी।
- नारनौल-निजामपुर स्टेट हाइवे का होगा चौड़ीकरण
लोकनिर्माण विभाग द्वारा नारनौल-निजामपुर स्टेट हाइवे नंबर-17 का चौड़ीकरण करने का भी प्रस्ताव रखा है। इसके लिए सबसे अधिक 22 करोड़ 99 लाख 83 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। वर्तमान में स्टेट हाइवे नंबर-17 की चौड़ाई 7.5 मीटर है। चौड़ीकरण होने के बाद इसकी चौड़ाई 10 मीटर हो जाएगी। जिससे वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
- निजामपुर टी-प्वाइंट से बाईपास तक का मार्ग होगा फोरलेन
अब शहर के बीचों-बीच वाहनों से लगने वाले जाम छुटकारा मिलेगा। इसके लिए विभाग ने निजामपुर टी-प्वाइंट से नांग तिहाड़ी बाईपास तक शहर के बीचों-बीच से जाने वाले सड़क मार्ग को फोरलेन बनाने की योजना तैयार की है। इसके निर्माण पर 6 करोड़ 30 लाख 34 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। हालांकि हीरो होंडा चौक से बाईपास तक का मार्ग पहले ही फोरलेन बना हुआ है। जबकि टी-प्वाइंट से हीरो होंडा चौक तक का सड़क मार्ग टू-लेन है। जिसे फोरलेन किया जाएगा। टू-लेन मार्ग होने के कारण यहां अक्सर लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा।
-जाट मोड़ से सीयू तक का मार्ग होगा चौड़ा
नेशनल हाइवे नंबर-148बी महेंद्रगढ़-दादरी रोड पर पड़ने वाले जाट मोड़ से केंद्रीय विश्वविद्यालय के गेट नंबर दो तक के सड़क मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके साथ स्ट्रीट लाइटें भी लगेंगी। इस कार्य पर 2 करोड़ 27 लाख 90 हजार रुपये की राशी खर्च होगी। इसके अलावा 6 लाख 83 हजार की लागत से केंद्रीय विश्वविद्यालय का साइनिंग बोर्ड लगाया जाएगा।
- गांवों को जोड़ने वाले मार्गों पर भी होंगे करोड़ों खर्च
जिले के विभिन्न गांवों को जोड़ने वाले सड़क मार्गों पर भी करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें राजस्थान बार्डर के गांव नियामतपुर से नालौता तक की सड़क निर्माण पर एक करोड़ 4 लाख 91 हजार रुपये खर्च होंगे। वहीं बसई से सेहलंग की सड़क पर एक करोड़ 14 लाख 26 हजार तथा अटेली खेड़ी से रामपुरा सड़क पर 50 लाख 69 हजार रुपये की राशी खर्च की जाएगी। इसी प्रकार पाली से जेरपुर वाया रेलवे स्टेशन होते हुए जेरपुर पाली तक की सड़क पर 2 करोड़ 98 हजार तथा खातोदड़ा से नांगल माला तक के सड़क मार्ग पर 6 करोड़ 77 लाख 27 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
जिला की सड़कों की हालत बहुत ही खस्ता है। इन सड़कों का जल्द से जल्द निर्माण हो तो ही लोगों को राहत मिले।
- शक्ति सिंह
नेशनल हाइवे अप्रोच रोड जैसा भी नहीं लगता। नेशनल हाइवे नंबर 11 की हालत बहुत खराब है। इसमें सुधार होना चाहिए।
- विजय भार्गव
जिले की लगभग सभी सड़कों की हालत बहुत खराब है। अगर इनको ठीक किया जाएगा तो लोगों को राहत मिलेगी।
- धर्मवीर
सड़कों की हालत सुधरने से लोगों को राहत मिलेगी। अगर रुपये मंजूर हो चुके हैं तो जल्द से जल्द सड़कों का निर्माण होना चाहिए।
- भरत सोनी
जिले में टूटी सड़कों की मरम्मत, निर्माण व चौड़ीकरण का कार्य किया जाना है। इसके लिए करोड़ों रुपये का बजट सैंक्शन हो चुका है। निर्माण कार्य की रुपरेखा तैयार की जा रही है। जल्द टेंडर छोड़कर सड़कों का निर्माण कार्य करवाया जाएगा।
- दर्शन सिंह, एक्सईएन लोकनिर्माण विभाग नारनौल।