अमर उजाला ब्यूरो
कनीना।
कनीना नगरपालिका चुनावों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से प्रयासरत है। कुल 13 वार्डों में 4 वार्डों को संवेदनशील घोषित किया गया है जबकि 6 वार्डों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इस संदर्भ में चुनाव अधिकारी संदीप सिंह इंजीनियर ने बेताया कि वार्ड 5, 8, 9 व 13 अतिसंवेदनशील और वार्ड 1, 2, 4, 7, 10, 11 को संवेदनशील घोषित किया गया है। उनके मुताबिक प्रत्येक बूथ एक राजपत्रित अधिकारी, दो हैड कांस्टेबल, 3 कांस्टेबल, दो महिला पुलिस कर्मचारी सहित कुल 8 सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा अति संवेदनशील एवं संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती रहेगी। शांतिपूर्वक चुनाव करवाने के लिए मोबाइल टीम भी तैनात रहेगी। रिजर्व पुलिस भी तैनात रहेगी।
विदित रहे कि अतिसंवेदनशील वार्ड 5 में 3 प्रत्याशी, 8 में 5, 9 में 6 व 13 में 2 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ईवीएम मशीन में नोटा का बटन भी है। मतदाताओं को यदि कोई भी प्रत्याशी पसंद नहीं आता है तो वह नोटा बटन का इस्तेमाल कर सकते हैं। शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों के समक्ष नगरपालिका कार्यालय में ईवीएम मशीन में बैलेट पेपर डालकर उसकी जांच करवाई गई। ईवीएम के इंजीनियर प्रेमकुमार जो दिल्ली से चलकर चुनाव के लिए पंहुच चुके हैं। ईवीएम मशीन को ऑपरेट करने के लिए इनकी चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है। चुनावों को लेकर प्रत्याशी एवं उनके परिजन तथा निकट संबंधियों ने मतदाताओं के यहां पर डेरा डाल दिया है। 13 वार्डों में चुनाव लड़ रहे 45 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। सभी का फोकस चुनाव पर टिका हुआ है।
कनीना नगरपालिका में कुल 9063 मतदाता हैं जिनमें 4703 पुरुष और 4360 महिलाएं शामिल हैं। चुनावों में अनुसूचित जाति के लिए वार्ड 6, अनुसूचित जाति महिला के लिए वार्ड 10 पिछड़ा वर्ग के लिए वार्ड 1 व 5, महिलाओं के लिए वार्ड 2,3,4,11 और सामान्य श्रेणी के लिए वार्ड 7,8,9,12 व 13 निर्धारित किए गए हैं। मतदान पार्टियों को ईवीएम मशीन का प्रशिक्षण दे दिया गया है। 13 वार्डों के लिए कुल 17 पोलिंग पार्टियां तैयार की गई हैं जिनमें से 4 को रिजर्व रखा जाएगा।
इसी प्रकार से ईवीएम मशीनों को भी रिजर्व रखा जाएगा। 13 मई को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। उसके बाद बूथ लेवल पर ही मतगणना होगी जिसके परिणाम कंट्रोल रूम से जारी किए जाएगें। नगरपालिका कार्यालय में स्ट्रांग रूम स्थापित किया गया है। जहां सुरक्षा के लिए गार्द लगा दी गई है। इस मौके पर चुनाव कार्यालय सहायक सुरेश कुमार, बाबुलाल नाजिर, नरेंद्र सिंह, मंजीत यादव के अलावा मास्टर दलीप सिंह, मुकेश कुमार, बलबीर सिंह, मनीष कुमार, ओमप्रकाश उपस्थित थे।