अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी।
क्षेत्र में बुधवार को अंधड़ के कारण ठप हुई बिजली सप्लाई 36 घंटे बाद भी बहाल नहीं होने पर नांगल नूनिया, बूढ़वाल, नायन के ग्रामीणों में विभाग के रोष बना हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द बिजली सप्लाई सुचारू कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द बिजली सप्लाई चालू नहीं की तो मजबूरन निगम कार्यालय पर धरना देना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि निगम ने बोरवेल तथा डोमेस्टिक बिजली सप्लाई के लिए अलग-अलग फीडर बना रखे हैं। डोमेस्टिक फीडर पर 24 घंटे में से 13 घंटे बिजली सप्लाई का शेड्यूल है। गर्मी बढ़ने के कारण 13 घंटे की सप्लाई से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हैं। इस सप्लाई को बढ़ाने के लिए ग्रामीण निगम कार्यालय पर रोष-प्रदर्शन कर चुके हैं। बुधवार शाम को आए तेज अंधड़ ने ग्रामीणों की समस्या को और बढ़ा दिया। अंधड़ में विभिन्न फीडरों के 200 से अधिक बिजली पोल टूटने का अनुमान है। हालांकि प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए कर्मचारी लगे हुए हैं, लेकिन पोल अधिक टूटने और संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थिति बेकाबू बनी हुई। इससे नांगल नूनिया, बूढ़वाल में पेयजल की समस्या गंभीर हो गई। इन गांवों के वाटर टैंक में पानी है, किंतु बिजली के अभाव में सप्लाई नहीं की जा सकी है। ग्रामीणों को मजबूरन वाटर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। डिमांड बढ़ने के कारण संचालकों के टैंकर सप्लाई के रेट बढ़ा दिए। ऐसे में गरीब वर्ग के लिए गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या से विभागीय अधिकारियों को अवगत करवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार की सुबह 9 बजे तक बिजली व्यवस्था को सुचारू नहीं किया गया तो ग्रामीणों को मजबूरन धरने पर बैठना पड़ेगा।
देर शाम तक सप्लाई हो जाएगी बहाल
निगम के कनिष्ठ अभियंता सत्यपाल ने बताया कि नांगल नूनिया व बूढ़वाल में एपी व डोमेस्टिक दोनों फीडर की लाइन टूट गई है जिस कारण सप्लाई सुचारू करने में देरी हो गई। शुक्रवार की देर शाम या शनिवार की सुबह ग्रामीणों को बिजली मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सब अंधड़ के कारण प्रभावित हुआ है, इसमें ग्रामीणों को धैर्य और सहयोग की भावना रखनी चाहिए।