ई-पंचायत प्रणाली हटाने को लेकर सरपंच एकजुट
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। सरपंच एसोसिएशन अटेली की बैठक सोमवार को बीडीपीओ कार्यालय में एसोसिएशन के प्रधान कुलदीप यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में ई-पंचायत प्रणाली को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सरपंचों ने कहा कि आज की हालातों में ई-पंचायत लागू करना पूरी तरह गलत है। अगर सरकार उनकी बात को नहीं मानी तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
कुलदीप यादव ने कहा कि सरकार को ई-पंचायत प्रणाली लागू नहीं करना चाहिए। अगर सरकार नहीं मानी तो सरपंच एसोसिएशन आंदोलन कर अपनी मांग मनवाने के लिए विवश करेंगे। सचिव एडवोकेट सुरेश यादव ने कहा कि पंचायत के काम तो पहले से ही आन लाइन है। तीन बार कामों की आडिट होती है। ऐसे में ऐसी क्या जरूरत आ पड़ी कि सरकार पंचायत को अति शीघ्र ई-पंचायत करने के लिए तुली हुई है। सरपंच एसोसिएशन सरकार के फैसले की निंदा करते हुए इसे समाप्त करने की मांग की है। इस मौके पर खरीवाड़ा के सरपंच बीर सिंह, कांटी के सरपंच देवी सिंह, पृथ्वीपुरा के सरपंच जसवंत, अटेली के सरपंच हरदूल ने भी अपने विचार रखे।