- समय पर मेरिट लिस्ट जारी नहीं होने से अनेक विद्यार्थी दाखिले से रहे वंचित
- फीस के लिए बैंकों व कालेजों में लगी विद्यार्थियों की लंबी-लंबी कतारें
फोटो नंबर 7 व 8
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से संबंधित कालेजों में यूजी कोर्सों की दूसरी कट आफ लिस्ट सोमवार देर सायं को जारी होने के कारण मंगलवार को शहर के राजकीय पीजी व महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विद्यार्थियों की सुबह से ही भारी भीड़ लगी रही। इस लिस्ट में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों में अपने दस्तावेज चेक करवाकर जल्द से जल्द चालान प्राप्त कर फीस जमा करवाने का प्रयास करते रहे, लेकिन विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने व सर्वर का रुक-रुक कर चलने से चालान प्रक्रिया भी रुक-रुक कर चलती रही। इससे न केवल विद्यार्थियों को परेशानी हुई, वहीं कालेज कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। जबकि चालान समय पर नहीं मिलने के कारण अनेक विद्यार्थी अपनी फीस जमा भी नहीं करवा पाए।
कालेजों में दाखिले के लिए होने वाली भागदौड़ से विद्यार्थियों को छुटकारा दिलाने के लिए अबकी बार उच्चतर शिक्षा विभाग ने आनलाइन आवेदन प्रक्रिया के साथ-साथ कट आफ लिस्ट भी आनलाइन जारी करने का निर्णय लिया था। ताकि दाखिला प्रक्रिया में कालेज स्तर पर होने वाली गड़बड़ी को भी रोका जा सके। परंतु उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा मेरिट लिस्ट जारी करने की प्रक्रिया कही न कही विद्यार्थियों पर भारी पड़ती हुई दिखाई दे रही है। उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा पहली कट आफ लिस्ट 5 जुलाई को जारी करनी थी, लेकिन विभाग पहली लिस्ट निर्धारित समय पर जारी नहीं सका। जिस कारण अनेक विद्यार्थी अपनी फीस जमा नहीं करवा पाए। इसके अलावा अनेक विद्यार्थी ऐसे भी है जिन्हें आनलाइन चालान व फीस जमा करवाने के बाद भी दाखिला नहीं मिल पाया।
- कालेज व बैंकों में लगी विद्यार्थियों की कतारें
दूसरी लिस्ट में नाम आने वाले विद्यार्थियों की कालेज में चालान लेने व बैंकों में फीस जमा करवाने के लिए कतारें लगी हुई दिखाई दी। कालेज प्रशासन द्वारा लिस्ट में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेज चेक कर उन्हें चालान जरनेट कर दिया जाता है। इसके बाद विद्यार्थी को चालान की फीस बैंक में जमा करवानी होती है।
- लापरवाही विभाग की, खामियाजा भुगते विद्यार्थी
उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा कालेजों में कट आफ लिस्ट निर्धारित तिथि व समय पर नहीं जारी करने का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना होगा। कालेजों में पहली लिस्ट आफ लिस्ट पर 5 जुलाई को जारी होनी थी, लेकिन पहली लिस्ट देर रात को कालेजों के पास पहुंची। जोकि अगले दिन 6 जुलाई वीरवार को कालेज प्रशासन द्वारा जारी की गई। वहीं विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण वीरवार व शुक्रवार को सभी के चालान जरनेट नहीं हो सके। इसके बाद शनिवार व रविवार को बैंकों की छुट्टी हो गई। हालांकि रविवार को सिंघाणा रोड स्थित एसबीआई बैंक खुला रहा, परंतु बैंकों में चालान अपडेट नहीं होने के कारण दोपहर बाद विद्यार्थियों की फीस जमा नहीं पाई। इस कारण अनेक दाखिला लेने से वंचित रह गए।
- दाखिले से वंचित विद्यार्थियों को मिलेगा एक मौका
फीस जमा नहीं करवाने के कारण दाखिले से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के नियमानुसार एक मौका दिया जाता है। जिसमें सभी मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद बचने वाली विभिन्न यूजी कोर्सों की सीटों के लिए दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थियों को सूचित किया जाता है। जिनकी उपस्थित के बाद मेरिट लिस्ट आधार पर दाखिला दिया जाता है। हालांकि अबकी बार मेरिट लिस्ट उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी की जा रही है।
- आज रात 12 बजे तक होगी फीस जाम
दूसरी कट आफ लिस्ट में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों की बुधवार रात 12 बजे तक फीस जमा होगी। इस समय अवधि तक फीस जमा करवाने वाले विद्यार्थियों को दाखिला मिल जाएगा। 13 जुलाई को तीसरी कट आफ लिस्ट जारी होने की उम्मीद है।
किसी कारण से फीस जमा नहीं करवाने वाले विद्यार्थियों को एक मौका मिल सकता है। सभी मेरिट लिस्ट होने के बाद अगर सीटें बच जाती है तो उन सीटों पर दोबारा से मेरिट के आधार पर दाखिला प्रक्रिया होगी। जिनमें वे अपनी दावेदारी जता सकते है।
- डॉ. एमएस यादव, कार्यवाहक प्राचार्य, महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारनौल।