राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम के संबंध में बैठक लेते उपायुक्त जगदीश शर्मा।
- फोटो : Narnol
स्वामी विवेकानंद की जयंती पर 12 जनवरी को मैराथन दौड़ का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल रेवाड़ी से रन फॉर यूथ राज्य स्तरीय कार्यक्रम सेे युवाओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से रूबरू होंगे। इसी कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में सोमवार को उपायुक्त जगदीश शर्मा ने पंचायत भवन में अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी।
उन्होंने कहा कि 12 जनवरी को सुबह 7.30 बजे आईटीआई मैदान में राष्ट्रीय युवा दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद यहीं से रन फॉर यूथ रैली को रवाना किया जाएगा, जो सुभाष स्टेडियम में पहुंचेगी। इसी दिन साढ़े दस बजे सुभाष स्टेडियम के हाल में सीधा प्रसारण होगा। इसमें रेवाड़ी में होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा व वेबकास्ट के जरिए वह युवाओं से बातचीत करेंगे। इस दौरान यंग अचीवर मौजूद रहेंगे। डीसी ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी आईटीआई में बच्चों को एकत्रित करेंगे तथा सभी अधिकारी अपने स्टाफ सहित रन फॉर यूथ रैली में भाग लेंगे। रन फॉर यूथ में भाग लेने के लिए नेशनल यूथ डे डॉट इन वेबसाइट पर प्रतिभागी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। बता दें कि अब तक लगभग 400 युवाओं ने अपना पंजीकरण करवाया है। इस अवसर पर एसडीएम विश्राम कुमार मीणा व नगराधीश प्रवेश कुमार के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।