महेंद्रगढ़। राजकीय महाविद्यालय में हिंदी विभाग की ओर से इंटर्नशिप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एमए हिंदी के 40 विद्यार्थी शामिल हुए जिनमें 20 विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया गया।
यह प्रतिभागी ब्यूटी पार्लर, पुलिस प्रशासन की ओर से फाइलों के रखरखाव, बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ, रेडक्रॉस का राष्ट्र निर्भर बनाना, साइबर क्राइम, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं, आयुष्मान भारत योजना, विभागों में प्रबंधन एवं रखरखाव सहित विभिन्न विषयों पर व्यावहासिक अनुभव की रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुति दी थी। वहीं 23 विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी की जाएगी।
प्राचार्य प्रो. पूर्ण प्रभा ने कहा कि इंटर्नशिप कार्यक्रम विद्यार्थियों को चार से छह सप्ताह के प्रशिक्षण के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया है। इसके लिए दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए गए हैं। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सभी पहलुओं से भी अवगत करवाया।
नीति के अनुसार विद्यार्थियों को नवाचार और कौशल आधारित विषयों का चयन करने की छूट है, जिससे वे अपनी रुचि के अनुसार कॅरिअर का निर्माण कर सकें। विद्यार्थियों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां दीं, जिनमें महेश सोनी और पिंकी की प्रस्तुति सराहनीय रही।
उन्होंने बताया कि सभी कक्षाएं समय-सारणी अनुसार संचालित की जा रही हैं, इसलिए विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य है। जो विद्यार्थी लगातार सात दिन तक अनुपस्थित रहेंगे, उनका नाम कॉलेज रोल से काट दिया जाएगा। साथ ही, जिनकी उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होगी, उन्हें विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं मिलेगी।
कार्यक्रम में हिंदी विभाग से प्रो. सोमवीर, डॉ. अनीता यादव एवं डॉ. अमिता कुमारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। हिंदी विभाग के प्रो. सोमवीर सिवाच ने बताया कि महाविद्यालय की ओर से उनकी जांच कर नंबरों को आईजीयू विश्वविद्यालय भेजा जाएगा। वहीं मंगलवार को भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।