नारनौल। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के 4 स्वयंसेवकों ने इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर रेवाड़ी में आयोजित राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में भाग लिया। टीम ने ड्रामा प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया। टीम सदस्यों का महाविद्यालय आगमन पर डॉ. पूर्ण प्रभा और स्टाफ सदस्यों ने स्वागत किया और मिठाई खिलाई।
डॉ. पूर्ण प्रभा ने बताया कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में हिस्सा लेने से विद्यार्थियों को देशभर की संस्कृतियों और सभ्यता की समझ विकसित होती है। महाविद्यालय प्रेस प्रवक्ता प्रोफेसर डॉ. चंद्र मोहन व डॉ. पलक ने बताया कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में 16 राज्य के 200 स्वयंसेवकों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। उन्होंने हर राज्य की संस्कृति को प्रस्तुत किया। महाविद्यालय से चार विद्यार्थी छवि, अंजनी, प्रेम व अनूप ने इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी में आयोजित राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में भाग और विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इस शिविर में छवि एवं प्रेम ने राज्यस्तरीय हरियाणवी ड्रामा में भाग लिया व द्वितीय स्थान प्राप्त किया।