फोटो 15 पुलिस की गिरफ्त में चारों आरोपी। पुलिस
नारनौल। निजामपुर थाना पुलिस ने गांव सादा की ढाणी में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले और तोड़फोड़ के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूप, देवेंद्र, मनोज और रामसिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को मुसनौता क्षेत्र से पकड़ा है।
आरोपी भूपसिंह थाना निजामपुर का हिस्ट्रीशीटर है उसके खिलाफ 9 मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी मामले दर्ज हैं जिनमें देवेंद्र के खिलाफ 2, मनोज के खिलाफ 3 और राम सिंह के खिलाफ 4 मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने आपसी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। तीन अप्रैल को शिकायतकर्ता धीरज बाइक से उसके मामा के घर जा रहा था। रास्ते में गांव सादा की ढाणी में प्रवेश करते ही आरोपियों ने अपनी गाड़ी से उसकी बाइक को रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडों से धीरज पर हमला कर दिया और उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
आरोपियों ने इस मारपीट के बारे में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया था जिसे बाद में हटा दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घायल धीरज के दिए गए बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना निजामपुर में एफआईआर दर्ज की गई थी।