महेंद्रगढ़। थाना शहर महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सेंधमारी कर चोरी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत निवासी बड़ी बनगोठड़ी जिला झुंझुनूं राजस्थान, होशियार निवासी बवाना थाना कनीना, अनिल निवासी कनीना नियर अटेली मोड़ और चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी राहुल निवासी झगड़ोली के रूप में हुई है। आरोपियों ने शहर महेंद्रगढ़ क्षेत्र में घर में घुसकर नकदी और ज्वेलरी चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने पूछताछ में नकदी व ज्वेलरी बरामद की है। आरोपियों को वीरवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बलजीत निवासी बवाना हाल हनुमान मंदिर महेंद्रगढ़ ने थाना शहर महेंद्रगढ़ में शिकायत देते हुए बताया कि वह अपने मायके छिलरो गई हुई थी। उसके परिवार वालों ने फोन कर बताया कि उसके घर में चोरी हो गई है। इस पर उसने घर जाकर देखा तो मकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था नकदी व ज्वेलरी चोरी हो गई थी। शिकायतकर्ता ने अज्ञात के खिलाफ नकदी और ज्वेलरी चोरी करने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में कार्रवाई करते हुए थाना शहर महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।