जिले में स्थानीय स्तर पर कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। लोग एक दूसरे के संपर्क में आने से संक्रमण का शिकार हो रहे हैं। रविवार को जिले में 39 नए कोरोना संक्रमित मिले। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 462 हो गई है। 10 कोरोना संक्रमित मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। अभी तक जिले में कुल 266 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना के 195 केस अभी भी एक्टिव हैं।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि 39 केस नारनौल समेत अन्य क्षेत्र से हैं। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की टीमों ने संक्रमितों की जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि रविवार को दो मोबाइल टीमों ने 122 लोगों की स्क्रीनिंग की है। जिले में 12 जुलाई तक 76221 नागरिकों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से 44840 मरीजों में सामान्य बीमारी पाई गई है। कोविड-19 के लिए अब तक जिले से 9465 सैंपल भेजे गए हैं। इनमें 570 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है। हेल्थ विभाग के अनुसार नारनौल के काठमंडी में पहले कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने वाले दो लोग और संक्रमित मिले हैं। इसी प्रकार इंडस्ट्रीयल एरिया में भी एक संक्रमित मिला है। यह पहले के संक्रमित का कांटेक्ट हैं। वहीं दो सीआईए कर्मी भी संक्रमित हैं। दोनों महेंद्रगढ़ के एक आरोपी के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। वहीं एक युवक-युवती को पुलिस प्रोटेक्शन में है। इससे पहले दोनों ने टेस्ट कराया था। इसमें युवती कोरोना पॉजिटिव आई है। लड़के की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
वहीं नीमराना कंपनी में कार्यरत बेवल का युवक रविवार को कोरोना पॉजिटीव मिला। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी यशवीर सिंह ने बताया कि संक्रमित मिला युवक पांच जुलाई को गांव लौटा था। 10 जुलाई को ट्रैवल हिस्ट्री के आधार पर युवक ने कनीना हॉस्पिटल में कोरोना टेस्ट करवाया था। जिसकी पॉजिटिव रिपोर्ट रविवार को आई। संक्रमित युवक परिवार के सात लोगों के संपर्क में आया है। स्वास्थ्य कर्मियों ने युवक को गांव में स्थित एकांत के एक पुराने घर में होम आइसोलेट कर दिया है। वहीं नांगल चौधरी के काबला गांव में चार लोग संक्रमित मिले हैं।
अटेली क्षेत्र में नौ संक्रमित मिले
मंडी अटेली। अटेली सीएचसी के अंतर्गत क्षेत्र में कस्बा समेत क्षेत्र में रविवार को कोराना के नौ संक्रमित केस मिले हैं। अटेली स्वास्थ्य विभाग की टीम व आयुष विभाग के चिकित्सक मौके पर पहुंच कर अग्रिम कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार अटेली कस्बे में अनाज मंडी में नौ जुलाई को अटेली अनाज मंडी में संक्रमित बुजुर्ग के दोनों पुत्र व उनकी दोनों पत्नियां संक्रमित मिलने के बाद रविवार को तोबड़ा निवासी उसका मुनीम भी संक्रमित मिला है। गांव उनिंदा में एक मिस्त्री व उसके साथ काम करने वाला श्रमिक भी संक्रमित मिला है। हाईवे बनाने वाली कंपनी के तीन कर्मी भी पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी को जिस स्थान पर रहते है, वहां एकांतवास कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग अटेली अस्पताल ने रविवार को कुल 48 सैंपल लिये।
कोरोना संक्रमित की सूची : कालबा - 5, नारनौल -8, तलोट -1, बिगोपुर- 1, अमरपुर जोरासी -1, उनींदा -2, तोबड़ा-3, नांगल चौधरी - 4, उन्हाणी- 1, अटेली मंडी- 2, गुढ़ा- 1, कनीना -2, सतनाली -3, नूनी अवल-1, कुलताजपुर 1, बड़कोदा - 1, बेवल -1, खोडमा - 1