फोटो संख्या:71 गांव स्याणा में धुने पर बैठे बाबा सुंदरपुरी महाराज। संवाद
सेहलंग। उपमंडल के गांव स्याणा स्थित प्राचीन ढ़ाब आश्रम के ऋषि चाउंड मंदिर परिसर में चल रही बाबा सुंदर पुरी महाराज की 41 दिवसीय पंच धूनी तपस्या का मंगलवार को 35वां दिन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। तपस्या का शुभारंभ 13 मई से 22 जून तक जारी रहेगी। बाबा सुंदर पुरी महाराज प्रतिदिन सुबह 10.15 बजे से दोपहर 2.15 बजे तक पंच धूनी के मध्य बैठकर कठोर तपस्या कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच की जा रही इस तपस्या को देखने और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंच रहे हैं। मंगलवार को गांव स्याणा सहित आसपास के अनेक गांवों से सैकड़ों महिलाओं और श्रद्धालुओं ने आश्रम पहुंचकर पंच धूनी की परिक्रमा की और भजन-कीर्तन कर धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और लोक कल्याण की कामना की।