अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। नांगल चौधरी रोड स्थित सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही सरसों की खरीद में गेट पास जारी करने में अनियमितता बरती जा रही है। किसानों का कहना है कि मार्केट कमेटी के कर्मचारी मनमर्जी से पास जारी कर रहे हैं। इससे किसानों को परेशानी हो रही है।
किसान रामचंद्र नम्बरदार कांवी, सूबेसिंह, रणधीर, रामकृपाल व रामसिंह ने बताया कि सरसों खरीद के लिए मार्केट कमेटी कर्मचारी शराब पीकर अभद्रता से पेश आते है। इन लोगों का कहना है कि कर्मचारी मार्केट कमेटी के चेयरमैन जेपी सैनी की धौंस दिखाते है। किसानों का कहना है कि मंगलवार को एक कर्मचारी को रंगे हाथ शराब पीते पकड़ा गया था। किसानों का आरोप है कि तीन दिन से चेयरमैन जेपी सैनी मंडी में नहीं आ रहे हैं। किसानों ने ऐसे कर्मचारियों की ड्यूटी से हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि कर्मचारी गेट पास जारी करने में मनमर्जी कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि सरसों की खरीद में लगे कमेटी के कर्मचारी अपने चहेतों को बिना आधार कार्ड व नियमों को दरकिनार कर गेट पास जारी कर रहे है। दूसरे से ट्रैक्टर-ट्राली और पूरा कागज होने पर गेट पास जारी हो रहा है। इस अनियमितताओं के ओर किसी का ध्यान नहीं है। उनका कहना है कि सभी के लिए एक नियम होने चाहिए।
मार्केट कमेटी के चेयरमैन जेपी सैनी ने किसानों के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि सरसों की खरीद में किसी भी कर्मचारी को संरक्षण नहीं दिया है। इस मामले में दोषी कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिन से मंडी का जायजा नहीं लिया है। इसके लिए कमेटी के सचिव अशोक कुमार यादव को खरीद कार्य के निर्देश दिए है। सरसों खरीद में किसानों को किसी भी प्राकर की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
किसानों की समस्याओं का नहीं हो रहा है समाधान
गांव दनचौली के किसान रोशन सिंह,रामौतार,नित्यानंद व सुरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया है कि सानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। रोशन सिंह ने बताया उन्होंने ऑनलाइन फसल का पंजीकरण कराया था। इसकी पर्ची उनके पास है। जब सरसों बेचने आए तो उन्हें बताया गया कि ऑनलाइन उनका नाम नहीं डिस्पले हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह एसडीएम,कमेटी के सचिव समेत अन्य से मिल चुके हैँ। लेकिन,समस्या का समाधान नहीं हुआ। 13 अप्रैल से सरसों बेचने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं।