अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। घर घर से कचरा एकत्र करने के लिए चार महीने से बंद टैंपो सेवा शनिवार से शुरू हो गई। नगर पालिका ने फिलहाल अस्थाई कर्मचारियों के जरिये इसे शुरू कराया है। शनिवार को इन टैंपो ने शहर में करीब पांच टन कचरा एकत्र किया। सफाई के लिए सड़कों पर भी विशेष अभियान शुरू किया गया। नगर पालिका के उपप्रधान रमेश बोहरा ने 5 मार्च को पालिका की विशेष बैठक बुलाई है। जिसमें निलंबित चेयरपर्सन और उनके पार्षद पति सुरेंद्र बंटी को मीटिंग के लिए सूचना नहीं भेजी है।
दो साल पहले नगर पालिका ने घर घर से कचरा एकत्र करने के लिए टैंपो सेवा शुरू की थी। जिसके लिए पांच टैंपो खरीदे गए थे। नगर पालिका का बजट मंजूर नहीं होने के कारण पिछले एक साल से टैंपों के चालकों का वेतन नहीं दिया गया। जिसके बाद चालकों ने अक्तूबर 2018 में टैंपो सेवा को बंद कर दिया। नगर पालिका में उपप्रधान रमेश बोहरा के पास शक्तियां आने के बाद उन्होंने शुक्रवार को ही टैंपो को सर्विस के लिए भेज दिया था। शनिवार की सुबह से टैंपो नगर के अलग-अलग एरिया में कचरा एकत्र करने पहुंच गए। फिलहाल इन टैंपों पर अस्थाई कर्मचारी लगाए गए हैं। नगर पालिका में चेयरपर्सन और पार्षदों के बीच चल रहे विवाद के कारण बजट मीटिंग को नियम अनुसार नहीं माना गया। जिस कारण वर्ष 2018-19 का बजट आज तक पारित नहीं हो सका। बजट के अभाव में कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जा सका। जिस कारण कर्मचारियों ने टैंपो को चलाना बंद कर दिया था। बजट न होने के कारण टैंपों में डीजल भी नहीं था।
वर्जन
पिछले दो साल से नगर पालिका के काम ठप थे। अब जनता के किसी काम में बाधा नहीं आने दी जाएगी। टैंपो सेवा को बहाल करवा दिया है। अगले सप्ताह टेंडर की प्रक्रिया को पूरा कराने का प्रयास रहेगा। सदन की बैठक बुलाकर अन्य जरूरी फैसले भी लिए जाएंगे।
- रमेश बोहरा, उपप्रधान, नगर पालिका महेंद्रगढ़।
वर्जन
चेयरपर्सन के निलंबित होने के बाद सभी शक्तियां अब उपप्रधान के पास हैं। उन्होंने टैंपो सेवा को बहाल कराने के निर्देश दिए थे। जिसे शुरू करा दिया गया है। नियम अनुसार कार्य कराए जाएंगे।
- नवल किशोर, सचिव, नगर पालिका महेंद्रगढ़।
शिक्षा मंत्री, सांसद समेत 12 पार्षदों के पास भेजी मीटिंग की सूचना
नगर पालिका के उपप्रधान रमेश बोहरा ने पांच मार्च को सुबह साढेे़ 11 बजे विशेष बैठक बुलाई है। जिसमें सांसद धर्मबीर सिंह, शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा, नगर पालिका के 12 चुने हुए पार्षदों को सूचना भेजी गई है। नगर पालिका की निलंबित चेयरपर्सन रीना गर्ग और उनके पार्षद पति सुरेंद्र बंटी को मीटिंग के लिए सूचना नहीं भेजी। दो मनोनीत पार्षदों को भी मीटिंग में बुलाया गया है। बैठक में चार प्रस्ताव रखे जाएंगे। जिसमें सब्जी मंडी के लिए जमीन देने, भवन निर्माण के मैप पास करने, मोहल्ला महायचान में डिस्पोजल की जमीन स्कूल को देने, स्कूल अपग्रेड करने, आउटसोर्सिंग के जरिए कर्मचारी भर्ती के लिए टेंडर प्रक्रिया के प्रस्ताव पर फैैसला लिया जाएगा।