अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। नगर पालिका के चुनावों के आठ माह बाद चेयरमैन सतीश जेलदार, वाइस चेयरमैन अशोक ठेकेदार को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की उपस्थिति में शपथ दिलाई गई। शपथ लेने के बाद चेयरमैन और वाइस चेयरमैन ने कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया।
बाबा मोलड़नाथ आश्रम प्रांगण में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि बड़ी मशक्कत के बाद यह चेयरमैनी मिली है। मेरी ओर से पूरा आशीर्वाद चेयरमैन को रहेगा। कोई नेता नपा चेयरमैन को कड़वी आंख से देखेगा तो वह उनका बाल भी बांका नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि सतीश जेलदार मेरे रिश्तेदार नहीं हैं। मैंने इनको वोट भी नहीं दिया। यह लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं।
उन्होंने 73-74 वें संविधान संशोधन को बढ़िया बताते हुए कहा कि पंजाब, राजस्थान व यूपी सरकार ने अच्छा काम किया है। इनके संशोधन में पंचायती राज के लिए पंचायत समिति, जिला परिषद व नगरपालिका क्षेत्र से होने वाली आय को खर्च करने का अधिकार भी इन समितियों को होना चाहिए। हरियाणा में यह संशोधन लागू करवाया जाएगा। मेरी मांग पर सरकार ने पूर्व सरपंचों को भी विधायक व सांसद की भांति पेंशन देना शुरू कर दिया है। कनीना क्षेत्र से उनका विशेष लगाव रहा है। राजनीतिक जीवन में उन्होंने राजनीति यहीं से शुरू की थी। यहां से राजनीतिक दांव-पेच सीखकर गया हूं। यहां के लोगों का मुझ पर अहसान है। मैं मुख्यमंत्री नहीं बना, यह पार्टी का फैसला है। आज हरियाणा के किसी भी एरिया में चला जाऊं, लोग कहते हैं कि इंद्रजीत सीएम होता तो बेहतर होता। समय बलवान है, हम लड़ाई हारे नहीं हैं। समय बड़ा बलवान है, हो सकता है भविष्य में समय हमारे साथ हो। आप लोगों ने कहा कि था कि एमएलए लोकल होना चाहिए। मैंने गलती कर दी। कई बार गलती कर देता हूं। अगली बार हलके से ही प्रत्याशी उतारेंगे। उन्होंने कहा कि हमने जो मांग उठाई थी उन पर अमल नहीं हो पाया, लेकिन नीतियां बन रही हैं।
नपा के पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह लोढा के आवास पर मीडिया से बातचीत में राव ने कहा कि जींद का उप चुनाव भाजपा जीतेगी। लोकसभा चुनाव में क्षेत्र लोग एकजुट रहते हुए इलाके के हित में फैसला लेंगे। लघु सचिवालय व उप-मंडल स्तरीय न्यायालय को कनीना में बनवाने के लिए सीएम से बातचीत हुई है। वहीं, राव इंद्रजीत सिंह ने कोटिया पहुंचकर अपने समर्थक मामन कोटिया के निधन पर शोक जताया।
चेयरमैन ने रखी ये मांगे
नगरपालिका के चेयरमैन सतीश जेलदार ने मांगपत्र प्रस्तुत किया। जिसमें कनीना में लघु सचिवालय बनाए जाने, लाइब्रेरी के लिए 10 लाख रुपये का ग्रांट देने, सीवरेज के लिए आउटलेट टैंक बनवाने, कॉलेज का नामकरण राजकीय पितामह कान्ह सिंह के नाम से करने संबंधी मांगें रखी।
यह रहे मौजूद
इस मौके पर नपा के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लोढा, मनीष मित्तल, पूर्व सांसद सुधा यादव, भाजपा के जिला प्रधान शिवकुमार मेहता, सत्यव्रत शास्त्री, जसंवत यादव बबलू, उमेश यादव, चेयरमैन अमरजीत यादव, थाना अध्यक्ष कैलाश चंद, चौकी इंचार्ज गोविंद सिंह, नपा सचिव राजाराम, मनोज यादव, राजेंद्र सिंह, हरिराम मित्तल, ओमप्रकाश लिसानिया, भाजपा नेत्री कमलेश वशिष्ठ, कुलदीप धनखड़, महावीर पहलवान, दीपक वशिष्ठ, राजेंद्र सिंह धनौंदा, महेंद्र सिंह भड़फ, प्रेम चंद बोहरा, लालचंद यादव, अशोक कुमार उपस्थित थे।
नगर पालिका का चुुनाव
नगर पालिका कनीना के लिए 13 मई 2018 में चुनाव हुआ था। जिसमें 13 पार्षद चुने गए थे। 25 जून 2018 को पार्षदों को शपथ दिलाई गई थी। नगर पालिका के इन पार्षदों में से चेयरमैन-वाइस चेयरमैन चुनाव के लिए कई बार बैठक हुई। 25 अक्तूबर 2018 में नपा के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चुनाव हुआ। जनवरी 2019 में अधिसूचना जारी हुई। जिसके बाद 24 जनवरी को शपथ ग्रहण हुआ।