अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम की झज्जर जिला के पाटोदा गांव में मूर्ति खंडित करने के विरोध में व्यापारी नेता व सामाजिक कार्यकर्ता वैध किशन वशिष्ठ नौ फरवरी से डीसी आवास के सामने सांकेतिक भूख हड़ताल करेंगे। इस दौरान वे जिले में हो रही चोरियों तथा सेंट्रल यूनिवर्सिटी मामले में स्थानीय युवाओं पर बनाए गए झूठे मामले का भी विरोध करेंगे। यह जानकारी वीरवार को वैध किशन वशिष्ठ ने यहां एक होटल में आयोजित पत्रकारवार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि राव तुलाराम सच्चे देशभक्त थे। वे शहीद हुए हैं तथा शहीद किसी जात या कौम का नहीं होता। शहीद सबका होता है। वहीं झज्जर जिले के पाटोदा गांव में कुछ लोगों ने राव तुलाराम की प्रतिमा को खंडित कर शहीदों का अपमान किया है, जो किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। वहीं पुलिस ने अभी तक इस बारे में कोई कार्रवाई नहीं की है, जो बड़े शर्म की बात है। प्रतिमा खंडित मामले में वे शुक्रवार नौ फरवरी से आंदोलन शुरू करेंगे। व्यापारी नेता ने कहा कि पिछले माह उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन को चरणबद्ध तरीके समय देकर चोरियों का सुराग लगाने की मांग करके ज्ञापन तक सौंपे थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका रेवाडी रेंज के आईजी डा.सीएस राव से भी इस मामले में मिलकर ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम था, लेकिन आईजी की व्यस्तता के चलते व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल उनसे नहीं मिल पाया। इसलिए अब उन्होंने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पांच दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल व धरना देने का निर्णय लिया। वशिष्ठ ने कहा कि नारनौल पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में हुई चोरियों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई है। जिसकी वजह से ही आज तक चोरी की एक भी घटना नहीं सुुलझी है। इसके चलते ही भूख हड़ताल व धरने पर बैठने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इसके बाद भी पुलिस प्रशासन चोरियों की घटनाओं का सुराग नहीं लगा पाता है तो आंदोलन को आक्रामक करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी तथा शहर के अन्य व्यापारी भी भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
व्यापारी नेता ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी के तीन विद्यार्थियों पर मुकदमे दर्ज करने तथा उनकी गिरफ्तारी का विरोध जताते हुए पुलिस व जिला प्रशासन पर दबाव में काम करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब सभी को पता है कि मोटर साइकिल के हैंडल लगने की वजह से यह एक छोटा सा झगड़ा था, लेकिन इस हाईप्राफोइल धार्मिक उन्माद का मामला बनाकर क्षेत्र के विद्यार्थियों पर गलत धाराओं के तहत झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने इन विद्यार्थियों पर दर्ज किए मुकदमों को भी रद्द करने कर मांग की तथा ऐसा ना करने पर भी अलग से आंदोलन शुरू करने की घोषणा की। इस मौके पर अशोक सैनी कोजिंदा, पूर्व चेयरमैन रामकुमार यादव, अभय सिंह बालाजी गुवानी वाले, राजकुमार जसोरिया, गौरव सैनी, मोहित नूनी वाले, मधुर नूनी वाले व रिटेल क्लाथ मर्चेंट के पूर्व प्रधान अनिल जैन आदि भी उपस्थित थे।