अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। केंद्र सरकार द्वारा फरवरी माह में आम बजट पेश किया जाएगा। इस बार के बजट को लेकर लोगों में काफी उम्मीदें हैं। लोगों का कहना है कि यह भाजपा सरकार के इस कार्यकाल का अंतिम पूर्ण आम बजट होगा। ऐसे में सरकार लोगों को तोहफा दे सकती है। वहीं व्यापारी तथा उद्योगपतियों को भी इस बजट से काफी आशाएं हैं।
इस बारे में शहर के उद्योगपतियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस बार के बजट में काफी छूट मिलने की संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लघु, कुटीर उद्योगों व छोटी कंपनियों को बढ़ावा दे रहे हैं। ऐसे में इस बजट में छोटे उद्योगों के लिए बहुत कुछ मिल सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्योगों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्हें आशा है कि इस बजट में उद्योगों के लिए बहुत कुछ खास मिलेगा। बजट में मशीनरी सस्ते होने की भी काफी उम्मीदें हैं, ताकि लोग अपना नया उद्योग शुरू कर सकें।
- मनीष यादव, मनीष यादव एंड कंपनी
इस आम बजट में व्यापारियों व उद्योगों के लिए कई नई सौगात मिल सकती हैं। सरकार से उम्मीद की जा रही है कि जीएसटी से जो लघु व कुटीर उद्योगों को नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाए।
- विवेक आनंद, बाबा इंडस्ट्रीज
जीएसटी के प्रभावों को देखते हुए इस बार बजट में काफी रियायत की उम्मीद है। बजट में कृषि उद्योग को भी बढ़ावा दिया जा सकता है। उद्योगों के लिए मिले विशेष छूट मिलनी चाहिए तथा तेल भी सस्ता होना चाहिए।
- अरविंद अग्रवाल, गणेश उद्योग