अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। खेल एवं युवा विभाग हरियाणा सरकार ने यदुवंशी शिक्षा निकेतन के खेल मैदान में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, कबड्डी और हैंडबॉल प्रतियोगिता के तहत स्पीड टेस्ट के सात इवेंट्स आयोजित किए। खेल प्रशिक्षक सुभाष यादव ने बताया कि 8 से 14 वर्षीय और 15 से 19 आयुवर्ग के पंजीकृत खिलाड़ियों के स्पीड टेस्ट हुए।
इसमें 30 मीटर लाईंग रेस, मेडिसन बॉल, फारवर्ड रिच एंड बैंड, वर्टिकल जंप, 6 गुणा 10 मीटर शटल रन और 800 मीटर की दौड़ हुई। इस स्पीड टेस्ट प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के वाइस चेयरमैन एडवोकेट कर्ण सिंह यादव और विद्यालय के प्रिंसिपल बाबूलाल यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रिंसिपल बाबूलाल यादव ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 408 बच्चों ने भाग लिया और हम खेल में 25-25 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसमें आठ से 14 वर्षीय बच्चों को हर माह 1500 रुपये और 15 से 19 वर्षीय खिलाड़ियों को दो हजार रुपये भत्ता दिया जाएगा। सभी प्रतियोगिताएं जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी की देखरेख में हुईं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में नरेशपाल एवं धर्मपाल वालीबॉल कोच, नरेंद्र, रविंद्र कुश्ती कोच सुमन एथलेटिक्स कोच एवं संजय, रविंद्र, राजकुमार, नवीन यादव, रामशरण खैरवाल, सोमदत्त शर्मा, सूरत सिंह आदि शारीरिक शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।