जिले में 16 जनवरी को तीन जगहों पर 300 लोगों को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। रोहतक में जाम होने से कोरोना टीका को लेकर आ रही वैन देर शाम नारनौल पहुंची। 10 लाभार्थी मौजूद होने पर ही टीकाकरण का वाइल खोला जाएगा। लाभार्थियों को टीका लगाने का मैसेज भेजा जा चुका है। वहीं टीकाकरण से पहले एक और कोरोना संक्रमित की मौत हो गई।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि टीके को लेकर सभी तैयारी पूरी है। नारनौल में नागरिक अस्पताल, महेंद्रगढ़ में उप नागरिक अस्पताल व कनीना सीएचसी में टीकाकरण होगा। इसके लिए संबंधित टीमों को शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी गई है। सीएमओ ने बताया कि शुक्रवार को पीएम के शुभारंभ करने के बाद सेंटरों पर टीकाकरण का काम शुरू होगा। सीएमओ ने बताया कि करीब 5620 टीकाकरण की डोज मिली है। इसमें तीनों सेंटरों पर 100-100 लोगों को टीका लगाया जाना है। इसके लिए सभी को मैसेज भेजा जा चुका है। योजना के अनुसार पहले चरण में चार श्रेणियों के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। सबसे पहली श्रेणी में 5800 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जानी है। स्वास्थ्यकर्मियों में पैरा मेडिकल स्टाफ, चिकित्सक, आशा वर्कर, एएनएम, स्टाफ नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। हालांकि पहले दिन हेल्थ विभाग में तैनात सफाई कर्मचारियों को टीका लगेगा। इसके अन्य सरकारी कर्मचारियों को टीका क्रमश: लगाया जाएगा। जिला निरीक्षण अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि टीकाकरण में नागरिक अस्पताल नारनौल में दो टीमों को बनाया गया है। महेंद्रगढ़ और कनीना में एक-एक टीम टीकाकरण करेगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को संबंधित सेंटरों के डॉक्टरों के साथ बैठक की गई। इसमें टीका करण को लेकर पूरी जानकारी दी गई। जिला स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना टीका को लेकर एंबुलेंस के साथ हर सेंटर एक-एक रेस्क्यू टीम तैयार कर दिया है। जिससे यदि किसी को टीका लगाने के बाद अधिक परेशानी हो तो तुरंत हायर सेंटर पहुंचाया जा सके। टीके की सुरक्षा के लिए भी शिफ्ट वाइज ड्यूटी लगा दी गई है।
टीकारण से पहले एक और बुजुर्ग की कोरोना से मौत
नारनौल। कोरोना वैक्सीन आ चुकी है। दूसरी ओर अटेली निवासी बुजुर्ग की गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में कोरोना से मौत हो गई। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि बुजुर्ग (66) अपने परिवार के साथ गुरुग्राम में रहता था। बीमार होने पर उसका आठ जनवरी को गुरुग्राम में कोरोना की जांच हुई थी। इसमें संक्रमित मिला था। बुजुर्ग टीबी का मरीज था। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिले में शुक्रवार को कोई भी नया कोरोना वायरस संक्रमित केस नहीं आया। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 6595 है। शुक्रवार को दो कोरोना संक्रमित मरीज को डिस्चार्ज किया गया है। अभी तक जिले में कुल 6568 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक जिले में 21 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। कोरोना के छह केस अभी भी एक्टिव हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में 15 जनवरी तक 134708 नागरिकों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से 84738 मरीजों में सामान्य बीमारी पाई गई है। कोविड-19 के लिए अब तक जिले से 137884 सैंपल भेजे गए हैं। इनमें से 871 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है।