नेताजी सुभाष स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए 300 मीटर का एथलेटिक ट्रैक बनवाया जाएगा। इस पर करीब पांच लाख, 33 हजार रुपये खर्च होंगे। खेल विभाग ने इस कार्य के लिए रुपये लोक निर्माण विभाग को जारी कर दिए हैं। इस पर जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बता दें कि नेताजी सुभाष स्टेडियम में एथलेटिक खिलाड़ियों के लिए अच्छा ट्रैक नहीं है। इससे उन्हें अभ्यास करने में परेशानी होती है। ग्राउंड में चारों ओर अस्थायी रूप से एथलेटिक ट्रैक बनवाया गया है, लेकिन यह भी निर्धारित मानक के अनुसार न होने से खिलाड़ियों को परेशानी होती है। इसे देखते हुए खेल विभाग ट्रैक को नए सिरे से तैयार कराने जा रहा है। जिससे एथलेटिक खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। डीएसओ परसराम ने बताया कि सुभाष स्टेडियम में अच्छे एथलेटिक ट्रैक की जरूरत महसूस की जा रही है। इसे देखते हुए फिलहाल मिट्टी का ट्रैक बनवाया जा रहा है। यह स्टेडियम के ग्राउंड से दो फीट ऊंचा होगा। इससे ट्रैक खराब होने की संभावना कम होगी। बारिश में कई बार जल भराव की समस्या होती है। उन्होंने बताया कि करीब दो दर्जन खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते हैं। दूसरी ओर अन्य खेलों के खिलाड़ियों को भी राहत मिलेगी।
बच्चों को भेजें स्टेडियम
डीएसओ परसराम ने बताया कि जिले में खेल प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। महेंद्रगढ़ में स्वीमिंग पूल शुरू होने जा रहा है। बॉक्सिंग के खिलाड़ियों को रिंग समेत अन्य सामान उपलब्ध कराए गए हैं। गहली गांव में कबड्डी का कोच लगाया गया है। सुुभाष स्टेडियम में तीरंदाजी के खिलाड़ी रोजाना अभ्यास करने के लिए आते हैं। डीएसओ ने बताया कि मौजूदा इंडोर हाल अन्य खेलों का आयोजन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में एथलेटिक खिलाड़ियों के लिए सिंथेटिक ट्रैक के लिए विभाग को पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि बच्चों को स्टेडियम में भेजें। जिससे वे पढ़ाई के साथ खेलों में भी भागीदारी कर सकें।
सुभाष स्टेडियम में 300 मीटर का एथलेटिक ट्रैक बनवाया जाएगा। इसके लिए रुपये लोक निर्माण विभाग को जारी कर दिए गए हैं। उम्मीद हैं कि 10 दिन में इस पर काम शुरू हो जाएगा। इससे खिलाड़ियों के साथ आम लोगों को भी फायदा होगा।
परसराम, डीएसओ नारनौल