नारनौल। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा रविवार को महेंद्रगढ़ के पांच परीक्षा केंद्रों पर पहली बार नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) परीक्षा आयोजित की गई। 2834 परीक्षार्थी उपस्थित रहे व 41 अनुपस्थित रहे। इन परीक्षा केंद्रों में नारनौल का यूरेका पब्लिक स्कूल, आरपीएस डिग्री काॅलेज बलाना, आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल खातोद, श्री कृष्णा सीनियर सेकेंडरी स्कूल महेंद्रगढ़ और हैप्पी एवरग्रीन स्कूल महेंद्रगढ़ शामिल रहे।
सभी परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण माहौल में यह परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा केंद्र में छात्रों को सेंटर के अंदर प्रवेश करने के लिए दोपहर 1:30 बजे तक का समय रखा गया था। परीक्षा दोपहर दो बजे शुरू होकर शाम 5 बजकर 20 मिनट पर समाप्त हुई। सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षा देने आए छात्रों की सबसे पहले गेट पर दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद छात्र अपने साथ किसी प्रकार की कोई भी वस्तु अंदर न ले जा सके, इसकी जांच की गई।
सेंटर के बाहर प्रांगण में बायोमेट्रिक से मिलान किया गया और छात्रों का रजिस्ट्रेशन किया गया। जांच प्रक्रिया के बाद ही छात्र परीक्षा कक्ष में पहुंचे। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल जैमर और अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए गए थे। परीक्षा के बारे जानकारी देते हुए महेंद्रगढ़ सिटी काेऑर्डिनेटर एवं यूरेका पब्लिक स्कूल नारनौल की प्राचार्या मधु कौशिक ने बताया कि जिले के पांचों परीक्षा केंद्रों में कुल 2875 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। इनमें से कुल 2834 परीक्षार्थी उपस्थित रहे व 41 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
-
-युरेका पब्लिक स्कूल नारनौल में कुल परीक्षार्थी 480 थे जिसमें 6 अनुपस्थित रहे व 474 ने परीक्षा दी।
-आरपीएस कालेज बलाना में कुल परीक्षार्थी 480 थे, जिसमें 11 अनुपस्थित रहे व 469 उपस्थित रहे
-आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल खातोद में कुल परीक्षार्थी 451 थे, जिसमें 03 अनुपस्थित रहे व 448 ने परीक्षा दी।
- हैप्पी एवरग्रीन स्कूल महेंद्रगढ़ में कुल परीक्षार्थी 480 थे, जिसमें 08 अनुपस्थित थे व 472 उपस्थित रहे।
- श्री कृष्णा सीनियर सेकेंडरी स्कूल महेंद्रगढ़ में कुल परीक्षार्थी 984 थे, जिसमें 13 अनुपस्थित रहे और 971 उपस्थित रहे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में नीट परीक्षा संपूर्ण पारदर्शिता के साथ सुरक्षित माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। महेंद्रगढ़ में पहली बार पांच केंद्रों पर नीट परीक्षा आयोजित की गई।
-मधु कौशिक, सिटी काेऑर्डिनेटर, महेंद्रगढ़।