महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन विभाग के 24 विद्यार्थियों को रोजगार प्रशिक्षण के लिए विभिन्न प्रतिष्ठित पांच सितारा होटलों में चयन हुआ। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने इस सफलता के लिए विभाग व विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्त्वपूर्ण हैं। इस प्रशिक्षण प्रक्रिया के अंतर्गत प्रतिभागियों को विषय का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है और यही वजह है कि पाठ्यक्रम में इस तरह के प्रशिक्षण संबंधी पक्षों को महत्ता दी जा रही है। विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. रणबीर सिंह ने बताया कि चयनित 24 विद्यार्थियों को ताज होटल तिरुपति, जे.डब्ल्यू मेरिएट नई दिल्ली, हयात प्लैस वडोदरा, मेरिएट भोपाल, द रिट्स मुंबई और हयात रिजेंसी, नई दिल्ली जैसे संस्थानों में चयनित किया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को मिले इस अवसर के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि ट्रेनिंग के दौरान अर्जित ज्ञान व व्यावहारिक प्रशिक्षण इन विद्यार्थियों को भविष्य में इस इंडस्ट्री में स्थापित करने में मददगार होगा। विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अमित कुमार ने बताया कि जॉब ट्रेनिंग के लिए विभाग द्वारा यह प्रक्रिया फरवरी माह में शुरु कर दी गई थी। इसके बाद विभिन्न स्तरों से गुजरते हुए यह सफलता मिली है।