एक नवंबर हरियाणा दिवस के मौके पर सरकार प्रदेश के समस्त टीबी मरीज को पौष्टिक आहार के लिए 500 रुपये अतिरिक्त दे रही है।
अब हर माह टीबी से पीड़ित मरीजों के खाते में 500 की जगह 1000 रुपये डाले जाएंगे। इस प्रकार 6 माह चलने वाले उपचार के दौरान मरीज के खाते में पहले जहां 3000 रुपये आते थे, वहीं अब दोगुने यानि 6000 रुपये डाले जाएंगे। इससे मरीज अच्छा व प्रोटीन युक्त पौष्टिक आहार लेकर जल्द से जल्द स्वस्थ हो सकेगा। साथ ही जिले में मौजूद 2250 टीबी की बीमारी से पीड़ित लोगों को भी इसका फायदा मिलेगा। इसके अलावा निक्षय मित्र भी टीबी के मरीजों की सहायता में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
क्या है टीबी
अंग्रेजी में टीबी को ट्यूबरक्लाॅसिस कहा जाता है और हिंदी में इसे क्षय रोग बोला जाता है। यह बीमारी ट्यूबरकुलर नामक बैक्टीरिया की वजह से होती है, जो सांस के माध्यम से शरीर में प्रवेश करता है और फेफड़ों में जाकर उसे कमजोर करने लगता है। जिससे धीरे धीरे मुंह से बलगम आना, वजन कम होना व बुखार का बने रहना आदि शुरू हो जाता है। अगर चिकित्सक की बताई हुई दवाइयों व बेहतर आहार लिया जाए तो टीबी से आसानी से छुटकारा मिल सकता है और यदि इसे नजरअंदाज किया जाए तो ये जानलेवा भी हो सकती है।
6 माह तक मरीज ले सके अच्छी डाइट
टीबी को जड़ से समाप्त करने के लिए सरकार की ओर से 6 माह तक मरीज के खाते में प्रतिमाह पैसे डाले जाते हैं, ताकि उन पैसों से मरीज या उसके परिजन उसे पोषण व प्रोटिन से भरपूर, जिसमें 3 किलो अनाज, 1.5 किलो दालें या मूंगफली, 250 ग्राम खाद्य तेल और पाउडर दूध जैसे पोषक खाद्य पदार्थ का सेवन कराएं। पौष्टिक आहार लेने से टीबी से पीड़ित मरीज को स्वस्थ होने में अधिक लाभ मिलता है। इससे 6 माह के उपचार अवधि के दौरान मरीज एकदम तंदरुस्त हो जाता है।
निक्षय मित्र की भी है अहम भूमिका
इच्छुक व्यक्ति अपनी इच्छानुसार 6 माह, 1, 2 और 3 साल की अवधि के लिए निक्षय मित्र बन सकते हैं। निक्षय मित्र इच्छानुसार एक या एक से अधिक रोगियों को गोद ले सकते हैं और उनकी पोषण सामग्री का खर्च वहन कर सकते हैं। खाद्य सामग्री के अलावा निक्षय मित्र टीबी मरीज को उपचार के दौरान होने वाले खर्च में भी सहायता प्रदान कर सकते हैं।
30 निक्षय मित्र दे रहें योगदान
जिले में अभी 2250 टीबी मरीजों का उपचार चल रहा है। वहीं अप्रैल 2024 से अक्तूबर 2024 तक गत 7 माह में 30 लोग निक्षय मित्र बनें है। जिनके द्वारा 55 मरीजों को प्रतिमाह पोषण सामग्री मुहैया करवाई जा रही है। निक्षय मित्र बनने के लिए इच्छुक व्यक्ति वेबसाइट पर लॉग इन कर व नजदीकी क्षय रोग केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
-
सरकार की ओर से टीबी के मरीजों को दी जाने वाली सहायता राशि में इजाफा किया है। अब मरीज के खाते में 500 की जगह 1000 रुपये डाले जाएंगे। इससे जिले के 2250 टीबी मरीज को काफी लाभ मिलेगा। सरकार का ये निर्णय काफी सराहनीय है।
डॉ. नवीन कुमार, उप सिविल सर्जन टीबी, नारनौल।