फोटो 26- सोनीपत के सेक्टर-14 स्थित जिला शिक्षा विभाग का कार्यालय। संवाद
सोनीपत। शिक्षा विभाग जिले के सभी 420 प्राथमिक विद्यालयाें में 22 और 23 दिसंबर को पहली से तीसरी कक्षा तक के 21,689 विद्यार्थियों का हिंदी व गणित विषय का (सेंसस ग्रुपिंग असेसमेंट) आकलन लेगा। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियाें का शिक्षा स्तर जानना है। हर 30 विद्यार्थियों पर एक-एक पीजीटी व टीजीटी की नियुक्ति की गई है। टीम में गठित शिक्षक अलग-अलग विद्यालयों में विद्यार्थियों का आकलन करेंगे ताकि ग्रेड में सुधार लाया जा सके।
बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) के जिला समन्वयक मनोज वर्मा ने बताया कि यह प्रक्रिया कोई परीक्षा नहीं बल्कि विद्यार्थियाें की सीखने की क्षमता का आकलन है। टीम के सदस्य प्रत्येक कक्षा में जाकर शिक्षक के मोबाइल पर निपुण टीचर एप लाॅगइन व अपडेट करवाकर विद्यार्थियों का डाटा अपडेट करवाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों से कुछ सवाल किए जाएंगे। इसका जवाब एप पर डालना होगा।
निपुण टीचर एप पर कक्षानुसार विद्यार्थियों का विवरण गलत मिलने पर संबंधित बीआरपी व एबीआरसी, तकनीकी खामी मिलने पर जिला एफएलएन समन्वयक को जानकारी देना अनिवार्य रहेगा। सभी बीआरपी व एबीआरसी को अपने ब्लॉक व 70 क्लस्टर को विद्यालयों की आकलन संबंधी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। असेसमेंट में कक्षा पहली के 6859, दूसरी के 7191 व तीसरी के 7639 विद्यार्थी शामिल होंगे।
इस प्रकार होगा विद्यार्थियों का आकलन
कक्षा पहली : हिंदी भाषा के 2-3 अक्षरों से बने 15 शब्द या 3 से 4 वाक्यों की पढ़ने की गति कितनी है। गणित में 99 तक गिनती आने के साथ ही अक्षरों की पहचान होना व एक अंक वाले जमा-घटा के सवाल हल करवाए जाएंगे।
कक्षा दूसरी : हिंदी भाषा के किसी गद्य के 45 शब्द एक मिनट में पढ़ने के साथ उसके प्रश्नों के उत्तर भी देने होंगे। गणित में 99 तक गिनती, अक्षरों की पहचान अनिवार्य है। दो अंकों के जमा व घटा के सवाल हल करवाए जाएंगे। साथ ही मौखिक तौर पर पूर्वा पूर्ण पठन करवाया जाएगा।
कक्षा तीसरी : हिंदी भाषा के किसी गद्य के 60 शब्द एक मिनट में पढ़ने होंगे व उससे संबंधित प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। गणित में 999 तक गिनती के साथ अक्षरों की पहचान अनिवार्य रहेगी। एक अंक के गुणा के सवाल हल करवाए जाएंगे। साथ ही मौखिक तौर पर पूर्वा पूर्ण पठन करवाया जाएगा।
आकलन में ध्यान योग्य बातें
-निपुण टीचर एप को अपडेट करके ही आकलन शुरू होगा।
-हर विद्यार्थी का आकलन सहज शांत वातावरण में खड़े करके नहीं बराबर में बैठाकर करना होगा।
-हर आकलन पूरा होने के बाद एप पर सेव व एंड असेसमेंट पर क्लिक करना होगा।
-कक्षाओं से संबंधित शिक्षक के लॉग इन आइडी से ही लागिन या लाग-आउट किया जाएगा।
-आकलन के दौरान कक्षा शिक्षक या प्रधानाचार्य बच्चों से बातचीत नहीं करेंगे।
वर्जन-
-विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर जानने के लिए 22 व 23 दिसंबर को सेंसस ग्रुपिंग असेसमेंट कराया जाएगा। सभी प्राथमिक विद्यालयों प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यह प्रक्रिया बच्चों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर समझने के लिए है। सभी शिक्षकों को इसे निर्देशों के अनुसार ही पूरा करने को कहा गया है।
-रचना बाना, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।