अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। सरकारी समर्थन मूल्य पर नई अनाज मंडी में तीसरे दिन ग्रीवेंसिज रिड्रेसल कर्मी के अधिकारी वकील अहमद की देखरेख हैफेड द्वारा 499 क्विंटल बाजरे की खरीद की गई। बुधवार को मार्केट कमेटी द्वारा कुल 25 गेट पास जारी किए हैं। मंगलवार को स्टेट वेयर हाउस द्वारा 1814 क्विंटल बाजरे की खरीद की गई थी। इसमें वे किसान भी शामिल रहे जिनका पहले दिन बाजरा नहीं खरीद गया था। खरीद एजेंसियों द्वारा पिछले दो दिनों में 2313 क्विंटल बाजरा खरीदा जा चुका है। जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए शेड्यूल के अनुसार बुधवार को ताजपुर, स्योनाथपुरा, सुराना व मीरपुर के गांवों का बाजरा खरीदा गया। मंडी में बाजरे की आवक कम होने के कारण खरीद की प्रक्रिया भी अभी धीमी गति से चल रही है, क्योंकि किसान अभी थ्रेसिंग में लगे हुए हैं तो कुछ किसान फसलों में नमी की मात्रा को देखते हुए सूखा रहे हैं। इस कारण मंडी में बाजरे की आवक कम ही हो रही है।
अब पंजीकृत किसान कभी भी बेच सकता है अपनी फसल
जिले के किसान अब किसी भी दिन अपनी फसल बेचने के लिए मंडी में आ सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा अब कोई शेड्यूल जारी नहीं किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त महावीर प्रसाद ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। एडीसी ने कहा कि किसान अब किसी भी दिन सरकार की नीतियों के अनुसार मंडी में बाजरा लेकर आ सकता है। उन्होंने कहा कि मेरी खेती-मेरा ब्योरा पर पंजीकृत किसानों का बाजरा ही न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। जिले में लगभग 25 हजार किसानों ने पंजीकरण करवाया है।
धैर्य रखें किसान: एडीसी
एडीसी ने किसानों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं। सरकार की नीति के अनुसार जिन किसानों का पंजीकरण हुआ है उन सभी का बाजरा खरीदा जाएगा। तकनीक के आधार पर ही सिस्टम में पारदर्शिता लाई जा सकती है।