आपसी खींचतान में हाथ से न निकल जाए मेडिकल कॉलेज
लोगों ने कहा, मेडिकल कॉलेज के लिए है नारनौल ही सबसे उपयुक्त
फोटो नंबर 14 से 19
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। जिला महेंद्रगढ़ में प्रस्तावित मेडिकल कालेज कहीं नेताओं व लोगों की आपसी खींचतान की भेंट न चढ़ जाए। अगर ऐसा हो गया तो जिले के लोगों को एक बड़ी योजना से हाथ धोना पड़ जाएगा। लोगों का कहना है कि मेडिकल कालेज के लिए सबसे उपयुक्त जगह नारनौल ही है। प्रशासन की ओर से देखी गई साइटें कोरियावास व मिर्जापुर बाछौद भी शहर के पास ही हैं। ऐेसे में यहां अगर मेडिकल कालेज बने तो सबसे अच्छा ही रहेगा। लोगों का कहना है कि यदि जिले के लोग इस कालेज के लिए खींचतान करेंगे तो यह बड़ी योजना हाथ से निकल सकती है।
जिले में मेडिकल कालेज बनाना प्रस्तावित है। हालांकि इसके लिए अभी शहर के साथ लगते गांव कोरियावास की पंचायत ने अपनी जमीन देने की हामी भर ली है। वहीं मिर्जापुर बाछौद की पंचायत भी इसके लिए जमीन देने को तैयार है। इन दोनों गांवों के पास सैकड़ों एकड़ पंचायती जमीन है। प्रशासन ने भी कोरियावास व मिर्जापुर बाछौद दो ही साइटों का दौरा कर अपनी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी हुई है। इस बारे में करीब छह-सात माह पूर्व जिला के अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को दोनों साइटों का दौरा करवाया था। उच्चाधिकारियों ने भी इन साइटों पर अपनी सहमति जताई थी।
महेंद्रगढ़ में नहीं किया था दौरा
साइट देखते वक्त स्वास्थ्य विभाग व सरकार की ओर से आए उच्चाधिकारियों ने केवल जिला की दो साइटों मिर्जापुर बाछौद व कोरियावास गांव का ही दौरा किया था। उस समय अधिकारियों को महेंद्रगढ़ या कनीना क्षेत्र के गांवों की साइट नहीं दिखाई गई थी।
लोग बोले नारनौल शहर ही उपयुक्त
शहर व आसपास के गणमान्य लोगों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज के लिए नारनौल ही सबसे उपयुक्त है। यह अगर मिर्जापुर बाछौद में बनता है तो यहां से सभी प्रकार की सुविधाएं बहुत ही सुगम मिल जाएंगी। मिर्जापुर बाछौद गांव रेल व बस सेवा से 24 घंटे जुड़ा हुआ है और यह नेशनल हाइवे नंबर 11 को भी लगता है। जबकि कोरियावास गांव नारनौल शहर से महज छह किलोमीटर की दूरी पर है। जहां आना जाना सुगम है।
महेंद्रगढ़ में पहले ही केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसी बड़ी संस्था है। ऐसे में वहां पर दो बड़ी संस्थाएं देने का कोई औचित्य नहीं है।
-विनोद सोनी, सदस्य ग्वालिया सेवक संघ
मेडिकल कॉलेज के लिए नारनौल ही सबसे उपयुक्त है। इसके लिए लोगों को कोई खींचतान करने की जरूरत नहीं है। यदि लोग खींचतान करेंगे तो परिणाम सही नहीं होगा।
-वेद प्रकाश आर्य, प्रधान नेत्रहीन संघ
जिले के लोगों को मेडिकल कॉलेज के लिए एकता दिखानी चाहिए। इसके लिए किसी प्रकार की खींचतान नहीं करनी चाहिए। जब कॉलेज नारनौल में बनने जा रहा है तो अन्य जगह की मांग क्यों?
-प्रह्लाद राय सोनी, समाज सेवी
जिला के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है, मगर लोग अगर टांग अड़ाएंगे तो किसी के लिए भी सही नहीं होगा।
-बाला जी गुवानी
मेडिकल कॉलेज नारनौल में ही बनाना प्रस्तावित है। इसके लिए अन्य कोई जगह ठीक नहीं है। यह कॉलेज यहीं बनाना चाहिए।
-राजकुमार यादव
महेंद्रगढ़ में केंद्रीय विश्वविद्यालय व अन्य बड़े संस्थान हैं। नारनौल में कोई बड़ा संस्थान नहीं है। इसलिए मेडिकल कालेज नारनौल में बने।
-अशोक वर्मा