इनेलो की सरकार बनाओ, थारा सात पीढ़ी का जुगाड़ कर दूंगा : चौटाला
पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला पहुंचे कार्यकर्ताओं के बीच
फोटो नंबर सात
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने सोचा था कि उन्हें जेल भेजने के बाद इनेलो खत्म हो जाएगा, लेकिन पार्टी के वफादार व समर्पित कार्यकर्ताओं की बदौलत जनाधार बढ़ा ही है। चौटाला ने कहा कि कहा कि उनकी छोटी सी गलती के कारण ही भाजपा की सरकार बनी है। अगर वे दो दिन और जेल नहीं जाते तो प्रदेश में इनेलो की सरकार बनना तय था। लेकिन अदालत का सम्मान करते हुए बीच में ही पार्टी का प्रचार छोड़कर जेल जाना उचित व ठीक समझा। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में इनेलो की सरकार बनाओ, थारा सात पीढ़ी का जुगाड़ कर दूंगा और तुम्हें किसी के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सिंघाना रोड स्थित इनेलो पार्टी कार्यालय में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर मुझे 3200 युवाओं को नौकरी देने के लिए 10 साल जेल में रहना पड़े तो मुझे कोई अफसोस नहीं है। अगर हमारी सरकार बनी तो प्रदेश के हर पढ़े-लिखे बेरोजगार नौजवानों को नौकरी देने का काम भी हमारी सरकार करेगी। प्रदेश में विधानसभा चुनाव में वे कार्यकर्ताओं के बीच होंगे और सरकार बनने तक रहेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को कहा कि वे संगठन को और मजबूती प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मुझे 14 दिन की छुट्टी मिली है। चाहता था कि हर गांव में जाकर लोगों से मिलूं।
कार्यकर्ताओं के घर भी गए चौटाला
कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद वे लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य सतबीर बड़ेसरा की चाची के निधन पर शोक व्यक्त करने गांव गहली पहुंचे और उनके परिवार को ढांढस बंधाया। इसके बाद कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव जोगेंद्र बड़ेसरा की माता के निधन पर उनके नारनौल निवास स्थान पर शोक व्यक्त करने पहुंचे। वहां से पार्टी के शहरी प्रधान सत्यनारायण गुप्ता के आवास पर इनेलो सुप्रीमो पहुंचे और कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए।