जलमहल में भी चलाया जाएगा स्वच्छता पखवाड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। ऐतिहासिक स्थल जलमहल परिसर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ विभाग के कनिष्ठ संरक्षण सहायक अमित कुमार ने किया। इसमें विभाग ने स्वच्छता अभियान चलाया। साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छता के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर आसपास के लोगों के अलावा इस स्मारक को देखने वाले पर्यटकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर कनिष्ठ संरक्षण सहायक अमित कुमार ने बताया कि भारतीय पुरातत्व संरक्षण विभाग देश भर में अपने स्मारकों को साफ रखने के प्रति लोगों को संदेश देने के लिए 16 से 30 सितंबर तक पखवाड़ा मना रहा है। इस अवसर पर स्मारक परिचर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस पखवाड़े के तहत विभिन्न स्मारकों की सफाई व्यवस्था को बारीकी से देखा जाएगा। स्मारकों के 300 मीटर की परीधि को पॉलिथीन मुक्त किया जाएगा। इस अवसर पर विभाग के कर्मचारी जगमाल सिंह, पुनीत यादव, कृपाल सिंह, सत्यपाल, रमेश कुमार तथा विक्रम सिंह आदि के अलावा स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।