अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। क्षेत्र के गांव जासावास में रविवार को 16.23 लाख से नवनिर्मित फिरनी अैर गली, 10 लाख से बनाए गए पंचायत घर, करीब 5 लाख से बने बाबा रूपादास मंदिर के गेट का उद्घाटन किया गया। इस दौरान शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में हिंदुस्तान के हित सुरक्षित हैं। देश और प्रदेश में विकास हो रहा है, लेकिन विपक्षियों को यह विकास रास नहीं आ रहा। वे स्वार्थ की राजनीति में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी और हरियाणा में मनोहर लाल के नेतृत्व में बनी बीजेपी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। फिरनी अज्ञैर पंचायत घर का निर्माण सरचार्ज आन वैट योजना के अंतर्गत किया गया है। मंदिर गेट का निर्माण स्वर्गीय माता गिंदोड़ी देवी और पिता हेतराम यादव की स्मृति में उनके पुत्रों रामकिशन, शुभराम और राम सिंह ने करवाया है। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता एसडीएम विक्रम आईएएस ने की। शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के समक्ष जासावास के सरपंच अशोक कुमार ने गांव की ओर से 17 मांगें रखीं। इन्हें प्रो. शर्मा ने तत्काल मंजूरी दे दी। साथ ही बाबा रूपादास मंदिर के विकास के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की। प्रो. शर्मा ने कहा कि जासावास उनका प्रिय गांव है। इसमें विकास कार्यों के लिए वे पहले भी 73 लाख 75 हजार रुपये दे चुके हैं। कहा कि ग्राम पंचायत की 17 मांगों को पूरा करने में धनराशि की कमी आड़े नहीं आएगी। इस अवसर पर एसडीएम विक्रम आईएएस, पंचायतीराज कार्यकारी अभियंता नरेश यादव, एसडीओ धर्मप्रकाश अत्री आदि उपस्थित थे।