अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। हरियाणा विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में क्लीन एंड ग्रीन अभियान के तहत वीरवार को शहर में सफाई अभियान चलाया गया।
इस दौरान एडवोकेट गिरीबाला, पीएलवी हनुमान व संजय यादव ने नगर परिषद कर्मचारियों के साथ मिलकर शहर के बस स्टैंड, नागरिक अस्पताल, नसीबपुर व हाउसिंग बोर्ड कालोनी में सफाई की और सफाई के दौरान एकत्रित किए गए कूड़े को नगर परिषद की गाड़ी की सहायता से उठाकर दूसरे स्थान पर डलवाया गया। इस मौके पर मुख्य वक्ता एडवोकेट गिरीबाला ने लोगों को जागरूक करते हुए अपने आस-पास साफ-सफाई रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि हरियाणा विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदेश में क्लीन एंड ग्रीन अभियान की शुरूआत की है। इसी के तहत नारनौल में प्रतिदिन अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों की सफाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे प्रतिदिन अपने आस-पास की सफाई कर एकत्रित कूड़े को निश्चित स्थान डाले ताकि कूड़ा यहां वहां न फैले और अपने आस-पास सफाई भी रह सके। इस दौरान अधिवक्ता गिरीबाला ने लोगों को पर्यावरण बचाओ जीवन बचाओ के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।