अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। गांव ढाणी किरारोद अफगान के सरपंच आशीष कुमार पर उसी गांव के पंच प्रताप सिंह द्वारा लगाए गए गबन के आरोपों की जांच को लेकर पंच ने एक बार फिर लोकायुक्त को पत्र लिखा है। सरपंच मामले में निदेशक द्वारा डीसी को लिखे पत्र के अनुसार जांच में पंच को शामिल ना करने पर पंच ने लोकायुक्त को पत्र लिखकर इस मामले की जांच करवाने की मांग की है।
लोकायुक्त को लिखे अपने शिकायत पत्र में पंच प्रताप सिंह ने कहा है कि उसने 24 मार्च 2017 को उनके सम्मुख सरपंच के गबन की शिकायत का थी। इस शिकायत पर उनके द्वारा लिए गए संज्ञान के बाद विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक ने नारनौल के डीसी को 24 अप्रैल 2017 को एक पत्र लिखकर सरपंच पर लगाए गए आरोपों की जांच एक माह के अंदर-अंदर करके कार्रवाई की सूचना देने के लिए कहा गया था। निदेशक द्वारा नारनौल के डीसी को लिखे गए इस पत्र में स्पष्ट रूप से लिखा गया था कि शिकायतकर्ता पंच प्रताप सिंह को भी सरपंच के खिलाफ की जाने वाली जांच में शामिल किया जाए।
पंच प्रताप सिंह ने लिखे पत्र में कहा है कि निदेशक द्वारा 24 अप्रैल 2017 को डीसी को लिखे पत्र में दिया गया एक माह का समय पूरा हो चुका है, लेकिन सरपंच के खिलाफ क्या जांच हुई उसमें शामिल होने के लिए उसके पास आज तक कोई सूचना नहीं मिली है। जबकि निदेशक के पत्र को ढाई माह से भी अधिक का समय बीत चुका है।