अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। नगर पालिका के कार्यवाहक प्रधान रमेश बोहरा की अध्यक्षता में बुधवार को पहली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नोटिस दिए गए कुल 15 पार्षदों में एक नोमिनेटिड पार्षद सहित तीन पार्षद अनुपस्थित रहे। बैठक में मात्र दस मिनट में चार प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास कर दिए। बैठक की कार्यवाही नपा सचिव नवल किशोर ने लिखी। इस बैठक की सबसे खास बात यह रही कि बैठक में महिला पार्षद प्रतिनिधियों की बजाय स्वयं उपस्थित रहीं।
बैठक के लिए निर्धारित समय सुबह साढ़े ग्यारह बजे का दिया गया था, लेकिन तीन पार्षदों के इंतजार में बैठक दोपहर 12 बजे के करीब शुरू हुई। 12 बजे तक पार्षदों ने कृष्णा जांगड़ा व मनीष सैनी का भी इंतजार किया, मगर वे नहीं पहुंचे। इसके बाद कोरम पूरा होने पर सचिव नवल किशोर की उपस्थिति में बैठक की कार्यवाही शुरू की गई। दो पार्षदों में से एक मनोनीत पार्षद महेंद्र सिंह बैठक में पहुंचा। जबकि कुलदीप शर्मा बैठक में नहीं पहुंच पाए। बैठक की प्रक्रिया केवल दस मिनट ही चली। दस मिनट में सदन ने चार एजेंडों को पास कर दिया।
बता दें कि नगर पालिका की पूर्व चेयरपर्सन रीना बंटी के सस्पेंड होने के बाद नपा के उपप्रधान रमेश बोहरा को कार्यवाहक प्रधान का चार्ज मिला हुआ है। कार्यवाहक प्रधान का चार्ज आने के बाद रमेश बोहरा ने छह मार्च को नपा की पहली बैठक बुलाने का फैसला लिया था। जिस पर पूर्व चेयरपर्सन द्वारा कोर्ट में याचिका दायर करने के कारण मंगलवार देर शाम तक संशय बना हुआ था, मगर देर शाम को कोर्ट का फैसला आने के बाद बैठक होनी तय हुई। इसके बाद बुधवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे नपा में रमेश बोहरा के अलावा अन्य 11 पार्षद एकत्र होने शुरू हो गए। इनमें डॉ. तरुण यादव, अमित मिश्रा, कृष्ण कुमार, मोनिका सैनी, देवेंद्र सैनी, बबिता देवी, नरेंद्र खन्ना, विष्णु कुमार, मंजू देवी औरु कमलेश तायल मौजूद थे।
दस मिनट की बैठक में चार एजेंडे हुए पास
बैठक में एक सब्जी मंडी के विस्तार का एजेंडा है। इसमें मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार सब्जी मंडी के विस्तार की भूमि की रजिस्ट्री करवाना है। दूसरा भवन निर्माण के नक्शों को पास करवाना, तीसरा मोहल्ला महायचान और मोहल्ला वाल्मीकि के साथ नगर पालिका की भूमि पार्क व डिस्पोजल को स्कूल के बच्चों के प्रयोग करने के बारे में तथा डिस्पोजल टैंक बनाने के लिए जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी को इसमें से आवश्यकता होने पर भूमि दिए जाने संबंधी है। चौथा एजेंडा आउट सोर्सिंग कर्मचारी पहले की भांति वर्षा सिक्योरिटी को टेंडर का विस्तार करने संबंधी एजेंडे पास किए गए।
बैठक में पहुंचे ये 12 पार्षद
नगरपालिका की बैठक के लिए 15 पार्षदों को नोटिस जारी किया गया था। साथ ही स्थानीय विधायक रामबिलास शर्मा एवं सांसद चौधरी धर्मबीर को भी नोटिस के माध्यम से बैठक की जानकारी दी गई थी। इस बैठक में एक नोमिनेटिड पार्षद सहित 12 पार्षद मौजूद रहे। इनमें पार्षद मनीष सैनी, कृष्णा जांगड़ा तथा नोमिनेटिड पार्षद कुलदीप शर्मा अनुपस्थित थे। निलंबित नपा चेयरपर्सन रीना गर्ग को नोटिस जारी नहीं किया गया था जबकि उनके पार्षद पति सुरेंद्र बंटी पार्षद पद से निलंबित हो चुके हैं। बैठक में पांच महिला पार्षदों में चार उपस्थित रहीं।
वर्जन
नपा की बैठक में चार एजेंडे सर्वसम्मति से पास किए गए। बैठक में किसी प्रकार का कोई विरोध नहीं हुआ। शांतिपूर्वक बैठक संपन्न हुई।
- रमेश बोहरा, कार्यवाहक प्रधान, नगरपालिका।