अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। नागरिक अस्पताल के सामने पीएनबी में रुपये निकलवाने आए एक व्यापारी की गाड़ी से चोर साढ़े नौ लाख रुपये निकाल ले गए। इस दौरान व्यापारी बिना लॉक किए ही गाड़ी में रुपये रखकर उससे कुछ दूर फोन पर अपने किसी परिचित से बातें करने में व्यस्त था। इसका फायदा उठा चोर गाड़ी से रुपये निकालकर चंपत हो गए। वारदात की सूचना पाकर पहुंची अस्पताल चौकी पुलिस ने बैंक में लगे कैमरों की फुटेज से चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार गांव बलाहा कला निवासी भूप सिंह पार्टनरशिप में टहला मुकंदपुरा रोड पर स्थित बालाजी तेल मील चलाता है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह आल्टो कार में सवार होकर नागरिक अस्पताल के समाने पंजाब नेशनल बैंक से रुपये निकलवाने पहुंचा। कुछ देर बाद भूप सिंह बैंक से 14 लाख रुपये निकलवाकर बाहर आया और उसने उसमें कुछ साढ़े तीन लाख रुपये किसी परिचित को दे दिए। वहीं, बचे हुए साढ़े नौ लाख रुपये गाड़ी में रख दिए, परंतु वह गाड़ी लॉक करना भूल गया और गाड़ी से कुछ दूर खड़े होकर किसी परिचित से फोन पर बातचीत करने लग गया। इसका फायदा उठाकर चोर उसकी गाड़ी से साढ़े नौ लाख रुपये से भरा बैग निकालकर ले गया।
भूप सिंह अपनी बात खत्म कर जैसे ही गाड़ी में बैठा तो उसे रुपयों से भरा बैग गायब मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। वहीं, बैंक के बाहर लगे कैमरों की फुटेज की सहायता से चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया, लेकिन फुटेज में चोरों का कोई पता नहीं लग पाया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार साढे़ तीन लाख रुपये बैंक में किसी को दे दिया था। बाकी पैसे कार में रख दिए था।
वर्जन
पीड़ित की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी फुटेज चेक की गई, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में चोरों का पता नहीं लग पाया है। आरोपियों के पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
- एएसआई महेश कुमार, प्रभारी नागरिक अस्पताल चौकी नारनौल।