अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सब्जी मंडी में आयोजित धन्यवाद रैली में महेंद्रगढ़ में आईएमटी (इंडस्ट्रीयल माडल टाउनशिप) बनाने की घोषणा की। शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा द्वारा आयोजित रैली में मुख्यमंत्री ने खुले दिल से शिक्षा मंत्री द्वारा की गई मांगों में से 250 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी भी दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मालडा बास गांव में स्थापित किए गए 33 केवी सब-स्टेशन, 4.23 किलोमीटर लंबे कुराहावटा वाया पालड़ी पनिहार सड़क मार्ग और मंडी व्यापारियों द्वारा बनाई गई प्याऊ का उद्घाटन भी किया। वहीं, मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप भवन की आधारशिला भी रखी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समानता के आधार पर विकास करवा रही है। समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान व कल्याण के लिए भी सरकार ने अनेक योजनाओं को क्रियान्वित किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत करवाए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों में से 80 प्रतिशत विकास कार्य पूर्ण करवाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत अन्य बचे हुए विकास कार्यों को भी पूर्ण करवाया जाएगा।
250 करोड़ रुपये की परियोजनाएं कम रहें तो रामबिलास बता दें
रामबिलास शर्मा द्वारा रखी गई क्षेत्र की मांगों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ढाणियों में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति की दिशा में 123 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाएं क्रियान्वित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड द्वारा 50 किलोमीटर लंबाई की विभिन्न ग्रामीण संपर्क सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। महेंद्रगढ़ शहर में पुराने राजकीय महिला महाविद्यालय के पुराने भवन में एक राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय स्थापित किए जाने के अतिरिक्त उस विद्यालय में एक कौशल विकास केंद्र भी स्थापित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने अंत में कहा कि 250 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी जाती है अगर फिर भी कम रहे तो रामबिलास शर्मा उनको बता देंगे वो पूरी कर दी जाएगी।
मोदी ने पूर्व पीएम को भी पीछे छोड़ा
इस मौके शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि महेंद्रगढ़ में इस बार बाजरे का एक-एक दाना किसानों का खरीदा जाएगा। पहले की सरकार में बाजरे का नाम मात्र के भाव मिलते थे परंतु प्रधानमंत्री ने बाजरे के भाव दोगुने कर किसानों को सौगात दी है। कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि किसानों की फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे बड़े किसान नेता बन गए हैं। उन्होंने चौधरी चरण सिंह तथा पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी किसानों का एक साथ लाकर खड़ा कर दिया है। किसान चाहे कोई भी फसल उगा ले सभी के दाम बराबर मिलेंगे।
शिक्षा मंत्री ने रखी थी ये मांगे
शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपा। उन्होंने आकोदा और खुडाना में आईएमटी स्थापित करने, हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में आईआईटीए सब डिपो पर काम शुरू करने, महेंद्रगढ़ अस्पताल को 100 बेड का विस्तार कर ट्रामा सेंटर बनाने, अलवर से चरखी दादरी रेलवे लाइन, 128 करोड़ रुपये से सतनाली नहर के लिए प्रोजेक्ट की मंजूरी, 30 करोड़ रुपये से 59 सड़कों की मंजूरी, महेंद्रगढ़ सब्जी मंडी का तीन एकड़ विस्तार, महेंद्रगढ़ के पुराने महिला कालेज में महिला सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं स्कील डेवलपमेंट संस्थान खोले जाने, महेंद्रगढ़ की नगरपालिका सीमा का विस्तार करने, सब्जी मंडी में 25 कमरे का किसानों के लिए रेस्ट हाउस, खुडाना सैनिक स्कूल, महेंद्रगढ़ पुलिस चौकी को थाने बनाए जाने, दस पशु अस्पताल खोलने व निंबेहड़ा मानइर बनाए जाने की मांग की गई।
48 घंटे में उज्ज्वला योजना का सिलिंडर न मिले तो डीसी या रामबिलास के घर से उठाकर ले जाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकारों ने ऐसा कोई घर नही छोड़ा जिसके पास रसोई गैस का सिलिंडर न हो। उन्होंने रैली में उपस्थित महिलाओं से पूछा कि अगर ऐसा कोई घर है तो वे अपने हाथ खड़ा करें। इस पर पहले तो महिलाओं ने हाथ खड़ा नहीं किया। जिस पर सीएम बोले की देख लो सबके पास सिलिंडर है, मगर महिलाओं को जब बात समझ आई तो करीब 8-10 महिलाओं ने हाथ खड़े किये। यह देखकर मुख्यमंत्री ने मंच पर ही डीसी गरिमा मित्तल को आदेश दिये कि वे 48 घंटे के अंदर इन परिवारों को गैस कनेक्शन दिलाएं। अगर 48 घंटे में गैस कनेक्शन नहीं मिलता है तो डीसी का गैस सिलिंडर उठा लाना। फिर भी नहीं मिले तो रामबिलास शर्मा का सिलिंडर उठा ले जाना। इस आदेश तुरंत बाद प्रशासन उसी समय हरकत में आ गया है। मौके पर महिलाओं से उनका नाम जानने लगे।
बोले सांसद और डिप्टी स्पीकर
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि इस सरकार में नहरी पानी खेती के भाव तथा रोड बनाने पर काम किया। ये काम पिछले 70 साल में किसी भी सरकार ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़-भिवानी क्षेत्र से आने वाले समय में सात नेशनल हाइवे गुजरेंगे। दस वर्ष बाद जयपुर से आने वाले लोगों के लिए हरियाणा का द्वारा पंचुकला नहीं नांगल चौधरी होगा। डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने कहा कि विगत की सरकार में 10 से 20 रुपये फसलों के बढ़ाए थे परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाजरे की फसल का दाम दोगुना कर किसानों की तकदीर बदलने का काम किया है।
ये रहे उपस्थित
धन्यवाद रैली में विधायक डॉ अभय सिंह यादव, कोसली के विधायक विक्रम सिंह यादव, विधायक पवन सैनी, बहादुरगढ़ के विधायक नरेश कौशिक, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, रेवाड़ी के विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास व हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की चेयरमैन सुनीता दुग्गल, हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ बनवारी लाल, विधायक सुखबीर मांढ़ी, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन गोविदं भारद्वाज, हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन, भाजपा प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी को-ऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन कंवर सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष शिव कुमार महता, कंवर डालू सिंह, गौतम शर्मा, रमेश तंवर, नौरंग बसई, जिला परिषद प्रमुख राजेश देवी, नारनौल नप चेयरमैन भारती सैनी, सतबीर नौताना, ठाकुर पृथ्वी सिंह, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन सूरत सिंह, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष पवन खैरवाल, अमित भारद्वाज, संदीप ठाकुर, भूप सिंह सिवाच आदि मौजूद थे।
रैली की झलकियां
- सीएम दक्षिण हरियाणा को दक्षिण भारत बोल गए।
- विधायकों से कॉलेज मंजूर होने की बात सीएम ने खड़ा करके पूछी।
- शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने संबोधन में पत्नी बिमला को छोड़कर अन्य महिलाओं को माता बहनें कहकर संबोधित किया।
- अपने आप को व पीएम को किसान नेता साबित करने में तुले रहे कृषि मंत्री।
- कृषि मंत्री ने चौ. चरण सिंह व देवीलाल को बताया लोकप्रियता में पीएम से कम व छोटा किसान नेता।
- भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ की जुबान फिसली कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ को सांसद बताया।
- जनस्वास्थ्य मंत्री बनवारी लाल रैली समय से 4 घंटा देरी 3 बजे पहुंचे।
- मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री को रामबिलस शर्मा ने बाजरे की थैली से सम्मानित किया।
- 45 फुट की डी में बाजरे की बनाई रंगोली।
- शिक्षांमत्री रामबिलास शर्मा की पत्नी बिमला देवी और बड़ी बेटी आशा शर्मा भी महिलाओं के बीच कुर्सियों पर थी उपस्थित।
- मुख्यमंत्री ने लगभग 35 मिनट में अपना भाषण पूरा किया।
- रैली में मंच पर बैठे शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा एवं मुख्यमंत्री के बीच गुफ्तगू होती रही।
- कई विधायकों को नहीं मिला बोलने का मौका
- रामबिलास शर्मा ने कहा कि ‘बोहनी’ अच्छी रहती है बरकत का ठिकाना है सब्जी मंडी