कृष्ण कुमार और अर्चना बने सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक
महेंद्रगढ़। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसई में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर के समापन पर प्रतिभागियों को जिला बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन मंजू कौशिक ने सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में भाग लेने वाले युवाओं का आह्वान किया कि राष्ट्र के चहुंमुखी विकास में युवा आगे बढ़ कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। युवा वर्ग देश व समाज को नई दिशा देने में पूरी तरह सक्षम होता है। इस अवसर पर कौशिक ने बाल कल्याण योजनाओं के अलावा बच्चों को सदाचार, शिष्टाचार, विनम्रता, समय पालन के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया साथ ही एनएसएस के माध्यम से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने के लिए भी युवाओं को प्रेरित किया।
एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी मदन मोहन कौशिक ने बताया कि विद्यालय में सात दिन से एनएसएस का शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के समापन पर रेडक्रॉस सोसाइटी नारनौल के प्रतिनिधि टेकचंद यादव ने प्रशिक्षणार्थियों को फर्स्टएड और होम नर्सिंग की ट्रेनिंग दी। कैं प अधिकारी मदन मोहन ने सात दिनों तक चले एनएसएस कैंप की गतिविधियों की जानकारी देने के साथ-साथ सभी अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य सत्यवीर सिंह पहल ने की। शिविर के समाप्त अवसर पर बाल कल्याण समिति के सदस्य महाबीर सिंह, जयपाल, रमेश कुमार प्रवक्ता, अनिल शर्मा, हनुमान प्रसाद, मुकेश कुमार, विनोद कुमार, विक्रम सिंह आदि रहे। शिविर संयोजक मदन मोहन कौशिक ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसई में सात दिवसीय शिविर की सभी गतिविधियों में श्रेष्ठ स्थान रखने पर लड़कों में कृष्ण कुमार और लड़कियों में अर्चना को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक घोषित किया गया। दोनों स्वयंसेवकों को जिला बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन मंजू कौशिक ने स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।