स्कूल खुले में मिले तो होगी कार्रवाई
महेंद्रगढ़। यदि निजी स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से घोषित शीतकालीन अवकाश के दौरान खुले में मिले तो उनके खिलाफ शिक्षा विभाग कार्रवाई करेगा। सोमवार और मंगलवार को स्कूल खुले रहने को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र सिंह श्योराण ने मंगलवार को निजी स्कूलों के संचालकों के नाम नोटिस जारी कर दिए हैं। उन्होंने नोटिस में स्पष्ट लिखा है कि हरियाणा सरकार एवं शिक्षा विभाग के निदेशक की ओर से जारी पत्र में 25 दिसंबर से 8 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि आज कई स्कूल खुले हुए हैं तो उन्होंने संचालकों को कक्षा एक से बारहवीं तक के बच्चों का शीतकालीन
अवकाश करने के आदेश दिए थे, पर मंगलवार को भी कई स्कूल खुले मिले। इस पर उन्होंने कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किए हैं। इस बारे में खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इससे पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावनिया ने 21 दिसंबर को हुई स्कूल संचालकों व प्राध्यापकों की बैठक में उन्हें शीतकालीन अवकाश के बारे में बताया था। इसके बावजूद निजी स्कूल संचालक स्कूल लगा रहे हैं। उन्होंने नोटिस में यह भी लिखा कि यदि इस नोटिस के बाद भी निजी स्कूल खुले पाये गये तो उच्च अधिकारियों को उनकी मान्यता रद्द किये जाने व विभागीय कार्रवाई किए जाने के बारे में लिखा जाएगा। इस संबंध में उन्होंने एक प्रति जिला उपायुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी नारनौल, निदेशक सेकेंडरी स्कूल हरियाणा, पंचकू ला को भी भेजी है।
आपको बता दें कि सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र सिंह श्योराण ने विभिन्न स्कूलों में जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान सभी स्कूल खुले मिले। स्कूल संचालकों ने खंड शिक्षा अधिकारी को आश्वासन दिया था कि क्रिसमस डे मनाने को लेकर स्कूल खोले गए हैं किंतु मंगलवार से बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी। उसके बावजूद मंगलवार को फिर स्कूल लगने वाले थे कि खंड शिक्षा अधिकारी ने टेलीफोन पर बातचीत कर स्कूल बंद करने के निर्देश दिए। इस दौरान स्कूल बसों को यूटर्न लेना पड़ा और बसों को बीच में ही उन्हें जाना पड़ा।