ग्रामीण क्षेत्रों में 112.40 करोड़ से होंगे विकास कार्य
नारनौल। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य करवाने के लिए नाबार्ड ने 112.40 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 106 करोड़ रुपये स्वच्छ पेयजल पर खर्च किए जाएंगे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में अस्पताल, डिस्पेंसरी व सड़के बनाने के लिए भी नाबार्ड राशि खर्च करेगा। इन पैसों से होना वाला विकास कार्य कुछ ही दिन में पूरा कर लिया जाएगा।
नाबार्ड हरियाणा ने जिले महेंद्रगढ़ के लिए आरआईडीएफ योजना के तहत 112. 40 करोड़ रुपये के विभिन्न प्रोजेक्ट मंजूर किए हैं। इसके तहत जिले में विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे। इन विकास कार्यों से लोगों को विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को फायदा होगा। इन प्रोजेक्टों में सबसे बड़ा प्रोजेक्ट पीने के पानी का है। इस पर करीब 106 करोड़ रुपये खर्च होंगे और जिले की सबसे बड़ी समस्या का ग्रामीण क्षेत्रों में समाधान होगा। इन प्रोजेक्टों में अधिकतर प्रोजेक्ट पर काम महेंद्रगढ़ व सतनाली खंड में किया जाएगा। पीने के पानी के अलावा ग्रामीण सड़कों व पशु हास्पिटल के लिए भी प्रोजेक्ट पर कार्य किया जाएगा।
इन गांवों में होगा पीने के पानी के प्रोजेक्ट पर काम
जिला महेंद्रगढ़ के सतनाली व महेंद्रगढ़ खंड में पीने के पानी के लिए गांव राजावास, उसमापुर, जैरपुर, मंडोला, नांगल, माला, राठीवास, देवराली व नांवा के अलावा ढाणी राजावास, बीर सिंह का बास व मंडयाली में पीने की पानी की योजना पर काम होगा। इसके अलावा सतनाली के गांव बलाना, माधोगढ़, डालनवास, गाड़ावास, बारड़ा, डिगरोता, सुरहेती जाखल, सुरहेती पिलानिया, सुरहेती मावेरयाना, ढाणा, सतनाल, पथरवा, बांस, जारवा, श्यामपुरा, बासड़ी व सोहड़ी के अलावा सतनाली की ढाणी जवाहरनगर, ढाणी ब्राह्मणान, कुम्हाराण, नंगला, जड़वा व भालोढिय़ा में पेयजल आपूर्ति के लिए काम होगा।
12 गांवों में बनेंगे पशु अस्पताल
जिले के 12 गांवों में नाबार्ड के तहत पशु अस्पताल भी बनाए जाएंगे। इसके तहत तीन करोड़ 80 लाख रुपये खर्च होंगे। इनमें तीन अस्पताल और नौ डिस्पेंसरी बनेंगी। बाछौद, खातोली जाट व दौंगड़ा अहीर गांव में पशु अस्पताल बनेंगे और कृष्ण नगर, सराय बहादुर नगर, मुकुंदपुरा, भीलवाड़ा, कनीना, डेरोली जाट, कौथल कलां, झूक व पोता आदि गांव में पशु डिस्पेंसरी बनेंगी।
सड़कों पर किए जाएंगे 2 करोड़ 83 लाख खर्च
पानी, पशु अस्पताल के अलावा नाबार्ड की ओर से सड़कों का निर्माण भी किया जाएगा। इसके तहत जिले में कनीना से बाघोत वाया गहाड़ा सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा अन्य सड़कों पर भी कार्य होगा।
---
जिले में नाबार्ड के तहत 43 प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। इसके तहत पीएसईडी, पीडब्ल्यूडी व सिंचाई विभागों का सहयोग लिया जा रहा है। ये कार्य जल्द से जल्द पूरे किए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को फायदा होगा। इन कार्यों पर 112.40 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
-ओमपाल छोक्कर, डीडीएम, नाबार्ड, जिला महेंद्रगढ़