अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। जिला प्रशासन की ओर से विश्व धर्म संसद शिकागो में स्वामी विवेकानंद के संबोधन के 125वें वर्ष के पावन अवसर मंगलवार को लघु सचिवालय के नजदीक स्थित सभागार में राष्ट्र प्रेम उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रख्यात रंगकर्मी मुजीब खान के निर्देशन में स्वामी विवेकानंद के जीवन और संवाद पर आधारित नाटक का मंचन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वभारती विश्व विद्यालय शांति निकेतन के प्राध्यापक डॉ. सुभाषचंद्र राय ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने स्वामी विवेकानंद पर भाषण और निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया।
इस मौके पर डॉ. राय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचारों को हम सबको पढ़ना चाहिए और उनका अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा था कि उठो, जगो और आगे बढ़ो का संदेश हमें निरंतर आगे बढ़ने का संदेश देता है। इसका अनुसरण देश-विदेश के अनेक महापुरुषों ने किया। उनके इस आह्वान के बाद देश में आत्मविश्वास पैदा हुआ था। सभी सुखी रहें, सभी निरोगी रहें, यही उनके जीवन का लक्ष्य था। वे विश्व को अपना घर मानते थे।
इस मौके पर उपायुक्त राजनारायण कौशिक ने कहा कि विवेकानंद ने भले ही गुलाम भारत में जन्म लिया था, लेकिन उनके विचार आजाद थे। उनके बाद पूरे विश्व में एक बदलाव आया। वे कभी जीवन में न किसी चीज से खुश हुए और न कभी दुखी हुए। उन्होंने हिंदू धर्म की सही व्याख्या की। स्वामी जी ने विश्व में देश का मान बढ़ाया। इस मौके पर आरके मिशन खेतड़ी से स्वामी अनंतात्मानंद ने भी संबोधित किया। राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर स्मृति न्यास के अध्यक्ष नीरज कुमार इस कार्यक्रम के संयोजक के रूप में उपस्थित रहे।
स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण के संदर्भ में जिले में विभिन्न कक्षा वर्ग की प्रतियोगिताएं करवाई गई थीं। इनके विजेताओं को इस अवसर पर सम्मानित किया गया। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा छह से आठ के वर्ग में नेहा प्रथम, रूपीन यादव द्वितीय, हिमालय यादव तृतीय और कक्षा नौवीं से 12वीं में हिमांशी प्रथम, जीती भारती द्वितीय, मोनिका तृतीय रहीं। कालेज और आईटीआई वर्ग में साक्षी प्रथम, स्नेहा द्वितीय, प्रियंका तीसरे स्थान पर रहीं। पोस्टर मेंकिंग में कक्षा छठी से आठवीं वर्ग में दीक्षा प्रथम, गुलशन द्वितीय, हर्ष तृतीय और कक्षा नौंवी से 12वीं वर्ग में आदर्श प्रथम, कर्ण द्वितीय, हर्षित स्वामी तृतीय स्थान पर रहे। कॉलेज और आईटीआई में अमित प्रथम, मोनिका द्वितीय और ज्योति तीसरे स्थान पर रही।
निबंध में कक्षा छह से आठ में दयावंती प्रथम, नितेश द्वितीय, जायश और चार्मी तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा नौंवीं से 12वीं में नेहा प्रथम, आरजू द्वितीय, सोनिया तृतीय रहीं। कालेज और आईटीआई में संगिता प्रथम, प्रिया द्वितीय, स्नेहा कुमार तीसरे स्थान पर रहीं। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कक्षा छह से आठ तक अंकित और सारिका प्रथम, देव, रवि और रोहित द्वितीय, बबीता, साक्षी और नेहा तृतीय स्थान पर रही। कक्षा 9 से 12 वर्ग में मोहित प्रथम, खुशबू और पूजा द्वितीय, हिमांशी, सोनाली और मोहित तृतीय स्थान पर रहे। कॉलेज और आईटीआई में सुनीता, नेता, पायल और प्रीति प्रथम, भारती, राजेश, बनीता और मोना द्वितीय, अनीता, प्रियंका, मोनिका और मोनू तृतीय स्थान पर रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के वर्ग में रचना और कल्पना प्रथम, तेजपाल द्वितीय स्थान पर रहे। कॉलेज और आईटीआई वर्ग में पूजा, अनीता और सोमवीर प्रथम, उमा मेहता, प्रिया और तृप्ति दूसरे स्थान पर रहे।
इस अवसर पर व्यापार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन गोपाल शरण गर्ग, एग्रो इंडस्ट्री के चेयरमैन गोबिंद भारद्वाज, जिला परिषद की चेयरपर्सन राजेश देवी, नप चेयरपर्सन भारती सैनी, एसडीएम महेंद्रगढ़ विक्रम आईएएस, बीजेपी जिला प्रधान शिव कुमार मेहता, नगराधीश डॉ. सुनील कुमार, सेठ बैजनाथ चौधरी, विजय सांगवान आदि मौजूद थे।