नारनौल। नारनौल, अटेली व नांगल चौधरी मंडी में सरसों की खरीद लगातार की जा रही है। गेटपास के लिए किसानों को धूप में खड़े होकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिसकी वजह से किसानों में रोष देखने को मिला।
मंगलवार को एसडीएम ने किसानों की समस्या सुनीं और मौके पर ही समाधान किया। उन्होंने कहा कि किसान से कहा सरसों सुखा कर लाएं ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। किसान सुबह से मंडियों में आने शुरू हो जाते हैं और खरीद प्रक्रिया शुरू हो जाती है। जिसके बाद अनेक किसानों की सरसों की ढेरी में नमी अधिक होने की वजह से रिजेक्ट भी हो जाती है। ऐसे में किसानों को एक दो दिन मंडी में रात गुजारनी पड़ रही है। अब तक तीनाें मंडियों में 3576 किसान को गेटपास दिया जा चुका है और 69265 क्विंटल की आवक हो चुकी है। मंगलवार को भी करीब 30 हजार क्विंटल सरसों की आवक हुई है। नारनौल में करीब 10 हजार क्विंटल, नांगल चौधरी में सात हजार क्विंटल व अटेली में तीन हजार क्विंटल सरसों की खरीद की गई।
मंडी अटेली में 370 किसानों को दिया गया टोकन
अटेली अनाज मंडी में सरसों की सरकारी खरीद लगातार जारी है। मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 370 किसानों के टोकन काटे गए। इस दौरान 3198 क्विंटल सरसों की खरीद की। बता दे कि सरसों खरीददारी में किसानों को कोई परेशानी न हो इसके लिए पानी व खाने का पुख्ता प्रबंध किया गया है।
नारनौल अनाज मंडी में करीब 10 हजार क्विंटल सरसों की खरीद की गई है। वहीं नांगल चौधरी में करीब सात हजार क्विंटल खरीद हुई है। इस बीच कुछ ढेरियों में अधिक नमी होने की वजह से रिजेक्ट हो रही हैं। इसके लिए किसान सरसों को मंडी में सुखाकर लेकर आएं।
रोशनलाल, मैनेजर, कोऑपरेटिव सोसायटी नारनौल।