हत्या की आरोपित महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
- फोटो : Narnol
चार महीने पहले गांव दुबलाना में दो साल के बच्चे की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। सदर थाना पुलिस ने बच्चे की मामी नीतू को हत्या के जुर्म में वीरवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपी महिला को नसीबपुर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि करीब चार महीने पहले रेवाड़ी निवासी ऋतिक ( 2) नाना जगदीश प्रसाद के घर आया था। जिसकी 28 फरवरी को सतबीर के मकान की छत पर शव मिला था। परिजनों ने शव का गांव उच्चा रेवाड़ी में दाह संस्कार कर दिया था। गांव में बच्चा कैसे मरा इसकी पहेली बनी थी। उस समय भी बच्चे की मां मोनू उर्फ माया ने भाभी नीतू पर शक था। परंतु आनन फानन में उस समय किसी ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया था। यह बात किसी के गले नहीं उतर रही थी कि बच्चे की मौत कैसे हुई।
बच्चे के नाना जगदीश ने तीन मार्च को थाना सदर में एक शिकायत दी कि बच्चे को किसी ने मारा है। मामला पुलिस अधीक्षक सुलोचना गजराज के संज्ञान में लाया गया। पुलिस अधीक्षक ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में 3 मार्च को गांव उच्चा जिला रेवाड़ी बच्चे की शव को निकलवाया गया और बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया। इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस फिर से इसकी जांच में जुट गई।
थाना सदर प्रबंधक संतोष कुमार ने वारदात स्थल का बार-बार निरीक्षण किया और देखा कि जिस छत पर बच्चे की डेड बॉडी मिली है, उस समय छत पर जाने वाले रास्ते में ताला लगा था। तो बच्चा छत पर कैसे पहुंचा। पुलिस का शक बढ़ता गया कि बच्चे की हत्या हुई है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में बच्चे की गला दबाकर हत्या की बात आई। बच्चे की मामी को लड़का नहीं था और तांत्रिक के चक्कर में पड़ी रहती है। बच्चे की मां यानी अपनी ननद मोनू उर्फ माया से ज्यादा खुश नहीं थी। बस इसी शक पर पुलिस ने नीतू से पूछताछ शुरू कर दी। जब सख्ती से पूछताछ की तो नीतू ने पुलिस के सामने बच्चे की गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की। जिसे वीरवार को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश से नसीबपुर जेल भेजा दिया।
लड़के की चाह में की हत्या
आरोपी नीतू को एक लड़की है, वह बच्चे की सगी मामी नहीं है। नजदीक परिवार रिश्ते में मामी लगती हैं। वह अपनी ननद से ईर्ष्या रखती थी कि मुझे लड़की है और ननद को लड़का है। हत्या वाले दिन बच्चा आरोपी नीतू की लड़की के साथ खेलता हुआ घर में आ गया। नीतू ने लड़की को बाहर भगा दिया और फिर बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी। फिर अपने घर की छत से 5 घर छोड़कर उसकी डेड बॉडी छत पर डाल दी। बच्चे की मां की शादी गांव उच्चा में हुई है। बच्चे का पिता सुधीर फौज में नौकरी करता हैं। पिता सुधीर को बच्चे की मौत की खबर मिली तो 4 मार्च को छुट्टी लेकर आ गया। छुट्टी खत्म होने के बाद भी नौकरी पर नहीं गया हैं। इंसाफ के लिए थाना के चक्कर लगा रहा था।