एनओसी देने में देरी पर डीटीपी के जेई व पटवारी सस्पेंड
नारनौल। एनओसी देने में देरी करने की शिकायत पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री विपुल गोयल ने शनिवार को जिला नगर योजनाकार विभाग के एक जेई और एक पटवारी को निलंबित करने के आदेश दिए। वहीं एक मामले में बैठक का समय खराब करने पर एसपी को सदर थाना के एसएचओ पर विभागीय कार्रवाई करने के आदेश दिए। गोयल शनिवार को यहां पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं जनपरिवेदना समिति की मासिक बैठक में लोगों के परिवाद सुन रहे थे।
बैठक में कुल 15 मामले सुनवाई के लिए रखे गए। इनमें 10वें नंबर पर नरेश कुमार पुत्र बनवारीलाल निवासी जासावास ने शिकायत दी कि उन्होंने सलीमाबाद, महेंद्रगढ़ में 4 कनाल कृषि भूमि खरीदी थी। इसकी एनओसी लेने के लिए जिला नगर योजनाकार नारनौल के कार्यालय में अगस्त 2017 को सभी दस्तावेज पूरा करने के बाद फाइल जमा करवाई थी। उसके बाद संबंधित विभाग से एनओसी लेने गया तो फाइल रेवाड़ी भेजी गई बताया गया। 3 अक्टूबर को जब रेवाड़ी में संबंधित दफ्तर गया तो उन्होंने बताया कि फाइल यहां नहीं आई। इसके बाद वह दोबारा नारनौल डीटीपी कार्यालय गया तो उन्होंने आश्वासन दिया कि दो-तीन दिन में एनओसी मिल जाएगी। इसके बाद भी संबंधित अधिकारियों ने उन्हेें एनओसी नहीं दी। इस पर कार्रवाई करते हुए वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने नारनौल डीटीपी कार्यालय के एक जेई और एक पटवारी को निलंबित करने के आदेश दिए।
इसके अलावा सिहमा के सुमेर सिंह की शिकायत पर मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि संबंधित एसएचओ के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करें। गोयल ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि केंद्र व राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही है। अगर कहीं भी लोगों के काम में अधिकारी जानबूझकर देरी करेगा तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। इस मौके पर उपायुक्त डॉ. गरिमा मित्तल, नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव, नांगल चौधरी के विधायक डॉ. अभय सिंह यादव, जिला प्रमुख राजेश देवी, राजेंद्र दुबलाना, व्यापार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन गोपाल शरण गर्ग, पुलिस अधीक्षक कमलदीप, बीजेपी जिला अध्यक्ष शिवकुमार मेहता, विजय सांगवान व मनीष मित्तल आदि रहे।