फर्जी दस्तावेज से पेंशन ले रहे तीन लोगों पर केस
-दो आरोपियों ने भुंगारका के सरपंच जगत सिंह पर लगाए जाली सर्टिफिकेट तैयार करने के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी। भुंगारका निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने फर्जी दस्तावेज से बुढ़ापा पेंशन ले रहे तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दस्तावेज कहां बने और किसने बनवाए, इन आरोपों की जांच शुरू कर दी गई।
भुंगारका निवासी अरविंद कुमार ने फर्जी दस्तावेज से बनी तीन पेंशन धारकों की सूची पुलिस अधीक्षक को सौंपी थी। इसमें सरपंच जगत सिंह ने जाली सर्टिफिकेट बनाने के आरोप लगाए गए। इसके बाद एसपी ने डीएसपी संजीव बलहारा को जांच के निर्देश दिए थे। उन्होंने तीनों पेंशन धारकों के बयान दर्ज किया। इस दौरान बाला देवी व ज्ञान सिंह कहा कि पंचायती चुनाव से पहले जगत सिंह घर आया था। उन्होंने दो फोटो और राशन कार्ड की फोटोकापी मांगी और कहा कि वह अन्य जरूरी दस्तावेज का प्रबंध स्वयं कर लेंगे। इसके कुछ समय बाद उन्हें पेंशन मिलने लगी। बाला देवी ने कहा कि अनपढ़ होने के कारण हस्ताक्षर करना नहीं जानती, लेकिन उसके आवेदन पर हस्ताक्षर हैं। उन्होंने फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड जगत सिंह को करार दिया। डीएसपी की सिफारिश पर जिला पुलिस अधीक्षक ने मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। दूसरी ओर पुलिस को दिए बयानों में सरपंच जगत सिंह ने बताया कि पूर्व सरपंच राजनीतिक रंजिश रखता है। उसी के बहकावे में आकर आरोप लगाए गए हैं। जबकि पेंशन धारकों से उनका कोई संबंध नहीं। थाना इंचार्ज शफीउद्दीन ने बताया कि फर्जी दस्तावेज से पेंशन लेने के आरोप में ज्ञान सिंह, बाला देवी, गुलाबचंद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। दो आरोपियों ने सरपंच जगत सिंह पर जाली कागज तैयार करने के आरोप लगाए हैं। जांच प्रक्रिया में आरोप साबित होने पर सरपंच जगत सिंह के खिलाफ भी 120बी की कार्रवाई होगी।