सरकार की भेदभाव की नीति के खिलाफ आवाज उठाएगा गुर्जर समाज
अमर उजाला ब्यूरो
निजामपुर। गुर्जर समाज की एक आम सभा का आयोजन शुक्रवार को गांव पांचनौता में किया गया। जिसमें सरकार की भेदभाव नीति के खिलाफ आवाज उठाने के लिए 29 अक्टूबर को बाबा ठाठेसर महाराज मंदिर मुसनौता में गुर्जरवाटी के गांवों के लोगों की बैठक करने का निर्णय लिया। इसमें रणनीति तैयार कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। इस बैठक में निजामपुर व नांगल चौधरी ब्लॉक के गांवों के प्रबुद्ध लोग शामिल होंगे। इस बैठक में समाज के लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी के लिए कुल्डाराम जागेदार, बनवारी नंबरदार, राजाराम गोलवा, डा. गोपीचंद चेयरमैन गुर्जर समाज व महेंद्र सिंह चंदेला आदि ने शुक्रवार को गोलवा, मुसनौता, नांगल दुर्गु, बायल, नया गांव, ईस्लामपुरा, दौखेरा, नारेहड़ी, रोपड़ सराय पाचनौता आदि गांवों में जनसंपर्क कर बैठक में पहुंचे का निमंत्रण दिया।
उन्होंने बताया कि पिछले 3 वर्षों से क्षेत्र में वर्षा की कमी के कारण किसान फसल की बिजाई नहीं कर पा रहे है। अगर कहीं पर बिजाई हो भी गई तो वर्षा न होने पर फसल सूख कर नष्ट हो जाती है। परंतु सरकार व जनप्रतिनिधि या विपक्ष ने किसी प्रकार कि इस क्षेत्र की आवाज नहीं उठाई। जबकि नलवाटी विकास समिति अनेक बार इस क्षेत्र के लिए विकास, नहरी पानी व मुआवजा की मांग कर चुकी हैं। हरियाणा में बाढ़ का पानी सरप्लस होने के कारण जिला महेंद्रगढ़ में 45 दिन निरंतर नहरी पानी आया लेकिन नलवाटी व गुर्जरवाटी में बनी नहरों व खालों में कुछ समय के लिए गीले तो हुए लेकिन पानी नहीं आया।