नारनौल। जिले में मंगलवार को कोरोना के 19 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसमें सात महिलाएं भी शामिल हैं। यह एक दिन में कोरोना के सर्वाधिक मामले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 60 हो गई है। इनमें से 21 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। मंगलवार को बजाड गांव के एक दंपती का डिस्चार्ज किया गया। जिले में कोरोना के 39 केस अभी भी एक्टिव हैं। मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव में एक दिल्ली पुलिस का सिपाही, एक सिक्योरिटी गार्ड व पीएसओ के अलावा कोरोना मरीजों के संपर्क में आए लोग शामिल हैं।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिले में मंगलवार को कोरोना के 19 नए पॉजिटिव केस आए हैं। उन्होंने बताया कि गांव गोमला, माजरा खुर्द, जेरपुर, रामबास, सिहौर, मौसमपुर, नांगल कालिया, लुजोता व नारनौल पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के नजदीक एक-एक कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। वहीं काटी गांव, सैदपुर व काकराल में दो-दो में खोड़ में चार केस मिले हैं। काकराल में मिले दंपती दिल्ली में ऑपरेशन कराने गए थे। लौटने पर वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
उन्होंने बताया कि सभी कोरोना संक्रमितों को आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज पटीकरा कोविड-19 केयर सेंटर में भर्ती किया गया है। इसमें मौसमपुर का युवक दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है और सिहोर गांव का एक युवक पीएसओ है। इसके अलावा एक महिला लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस के सिक्योरिटी गार्ड की पत्नी है। इसके कंटेक्ट के बारे में जानकारी ली जा रही है। गोलवा का युवक एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड है। कांटी गांव के एक युवक व उसकी भाभी मुंबई से आई थी। उनका मुंबई में गद्दे-परदे का कारोबार है। सैदपुर निवासी युवक मोबाइल की दुुकान पर काम करता है। रामबास में एक युवक पहले पॉजिटिव आया था उसकी कंटेक्ट में महिला के आने से संक्रमित हुई। सैदपुर और खोड़ गांव की चार महिलाएं अन्य मरीजों की कांटेक्ट हैं। सभी के सैंपल के अलग-अलग जगहों पर 29 मई को लिए गए थे। इनकी दो जून को रिपोर्ट मिली है। संबंधित गांवों को कंटेनमेंट जोन बनाकर सैनिटाइज करने का काम किया जा रहा है। बुुधवार को लोगों की स्क्रीनिंग होगी।
19 में आठ मरीज अटेली के, अधिकांश कोरोना के कांटेक्ट
अटेली क्षेत्र में बाहर से आने वाले लोगों की वजह से अब तक कोरोनो पॉजिटिव की संख्या 16 पहुंच गई है। चार कोरोना पॉजिटिव खोड़ गांव में मिले है। खोड़ में मिलने वालों में एक कोरोना पॉजिटिव एसपीओ मिला था। उसके संपर्क में आने से उसकी मां, पत्नी, बेटा व एक साथी जिसके साथ खाना पीना किया था, संक्रमित मिले हैं। कांटी में दोनों व्यक्ति बंगुलरु से आए थे। दोनों की सामान्य अस्पताल में 29 मई को सैंपल दिया था। सैदपुर में जो बंगलुरू से टेलर कोरोना पॉजिटिव मिला है। उसके परिवार से दो केस गांव सैदपुर में मिले जिसमें कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने से संक्रमित हुए है। संक्रमित की भाभी व भतीजा संक्रमित है। अधिकतर केसों में परिजन शामिल हैं। अटेली में तेज गति से बढ़ रहा कोरोना मरीजों का ग्राफ चिंतनीय है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आदित्य यादव ने कोरोना पॉजिटिव को एंबुलेंस में बैठाकर नारनौल पहुंचाया। प्रशासन की ओर से बीडीपीओ ओमप्रकाश, थाना प्रभारी सज्जन सिंह, ग्राम सचिव पवन कुमार आदि ने पहुंच कर गांव को सैनिटाइजर करवाया व वार्ड को सील करवा दिया
अब तक कोविड-19 के 3596 सैंपल भेजे
सीएमओ ने बताया कि मंगलवार को छह मोबाइल टीमों ने 380 लोगों की स्क्रीनिंग की है। 282 मरीजों में सामान्य बीमारी मिली है। जिले में 2 जून तक 62047 नागरिकों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से 36549 मरीजों में सामान्य बीमारी पाई गई है। कोविड-19 के लिए अब तक जिले से 3596 सैंपल भेजे गए हैं। इनमें 166 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है। दूसरी ओर अटेली सीएचसी के अंतर्गत नांगल गांवों में दो दिन पहले कोरोना पॉजिटिव का संक्रमित केस आने पर संक्रमित के संपर्क में आने वालों के सैंपल लिए। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार व डिप्टी सीएमओं डॉ. जितेंद्र यादव, एफएम उमेश कुमार के मार्गदर्शन में कोविड-19 के संक्रमण को रोकने व कोरोना केस जांचने के लिए गांव नांगल रविवार को मिले पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद सैंपल लिया। नांगल में 6 व नारनौल के एक निजी अस्पताल में 2 सैंपल लिए। अटेली अस्पताल ने अभी तक कुल 330 सैंपल लिए जा चुके है। अस्पताल में 30 मई के बाद लिये गये सभी सैंपल की रिपोर्ट आ चुकी है।