नारनौल। रेवाड़ी रोड स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने से शनिवार को शहर में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई। इससे सुबह कई मोहल्लों में लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ी। प्लांट में शुक्रवार की शाम छह बजे से रात दो बजे तक बिजली नहीं थी। इससे प्लांट से बूस्टिंग स्टेशनों को पर्याप्त पानी नहीं मिला।
बता दें कि शहर में पानी की सप्लाई नसीबपुर और रेवाड़ी रोड स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से होती है। अभी तक नसीबपुर प्लांट में बिजली और मोटर खराबी के कारण शहर में पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही थी। शुक्रवार की शाम करीब छह बजे से रेवाड़ी रोड स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई, जिसे रात दो बजे ठीक किया जा सका। इसके बाद प्लांट से पानी की सप्लाई शुरू हुई। इससे शहर का करीब 25 फीसदी हिस्से में सुबह पानी की सप्लाई प्रभावित हुई।
रेवाड़ी रोड के प्लांट से पानी की सप्लाई पटीकरा गांव, अस्पताल, अनाज मंडी, देवीलाल कांप्लेक्स, टीबी अस्पताल, टीवी टावर, मालीटिब्बा मोहल्ला व देव स्थान के बूस्टिंग स्टेशनों पर होता है। बूस्टिंग स्टेशनों पर पानी कम होने से इन क्षेत्रों में सुबह लोगों को कम पानी मिला।
दूसरी ओर शहर में अन्य मोहल्लों में भी पानी की सप्लाई ठीक तरह से नहीं हो पा रही है। इससे लोगों को खुद टैंकरों से पानी मंगाना पड़ रहा है। मोहल्ला चांदूवाड़ा निवासी कैलाश चंद्र ने बताया कि एक सप्ताह से पानी की सप्लाई कम आ रही है। उन्होंने बताया कि बीच में टैंकर से पानी मंगाना पड़ा। अभी तक प्रशासन ने सरकारी टैंकरों का इंतजाम नहीं किया है। इससे लोगों को एक टैंकर पानी के 250 रुपये देने पड़ रहे हैं। भीषण गर्मी में शहर में पानी की सप्लाई को लेकर संबंधित विभाग गंभीर नहीं हैं।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ गोपाल सिंह ने बताया कि बिजली फाल्ट के कारण पानी की सप्लाई प्रभावित हुई। शनिवार शाम से पानी की सप्लाई पहले की तरह हो जाएगी।